झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 14 जून तक बारिश का यलो अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम का रुख मंगलवार, 10 जून से करवट लेने वाला है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 10 से 14 जून तक राज्य में कई स्थानों पर वर्षा और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि 12 जून से लेकर 14 जून तक झारखंड के लगभग सभी जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। इस अवधि में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का अनुमान
10 और 11 जून को राज्य के मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। इस दौरान लोहरदगा, रांची, रामगढ़, बोकारो, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में वज्रपात और मेघ गर्जन की चेतावनी दी गई है। 12 जून से लेकर 14 जून के बीच पूरे झारखंड में व्यापक स्तर पर वर्षा का अनुमान है। इस दौरान आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम की चेतावनियों का पालन करें। बारिश और बादल छाए रहने के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, पलामू प्रमंडल में अधिकतम तापमान अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

जिलावार संभावित तापमान विवरण
- देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम 26°C रह सकता है।
- कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में अधिकतम 33°C व न्यूनतम 24°C दर्ज होने की संभावना है।
- वहीं, रांची, खूंटी, गुमला, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 27°C तक रह सकता है।
- पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा जिलों में अधिकतम 37°C और न्यूनतम 27°C तापमान रह सकता है।