बाबा अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ, पहला जत्था रवाना, सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर

गुरुवार से अमरनाथ यात्रा 2025 का औपचारिक शुभारंभ हो गया। पहले दिन बाबा बर्फानी की पहली आरती के साथ यात्रा की शुरुआत हुई। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का पहला जत्था बालटाल और नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप से पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष करते नजर आए। इस पहले जत्थे में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे भी श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में शामिल रहीं।
जम्मू से रवाना हुआ दूसरा जत्था, सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद
गुरुवार को जम्मू के आधार शिविर से 5,200 से अधिक तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था भी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुआ। यह जत्था दोपहर 2 बजे पहलगाम बेस कैंप पहुंच गया, जहां से इसे शुक्रवार सुबह 4 बजे पवित्र गुफा के लिए रवाना किया जाएगा।

उपराज्यपाल ने झंडी दिखाकर किया था पहले जत्थे को रवाना
बुधवार को 5,892 श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को जम्मू के भगवती नगर कैंप से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस बार यात्रा 38 दिनों तक चलेगी, और इसका समापन 9 अगस्त (रक्षाबंधन) के दिन होगा। पिछले साल यह यात्रा 52 दिनों की थी, जिसमें 5 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे।
अब तक 3.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने कराई पंजीकरण
इस वर्ष अब तक 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। त्वरित पंजीकरण के लिए जम्मू में सरस्वती धाम, वैष्णवी धाम, पंचायत भवन और महाजन सभा में विशेष केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रतिदिन करीब 2,000 श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
अमरनाथ यात्रा के दो प्रमुख मार्ग:
1. पहलगाम रूट
- यह मार्ग अपेक्षाकृत सरल है और इसमें तीन दिन लगते हैं।
- पहलगाम से पहला पड़ाव चंदनवाड़ी (16 किमी) है।
- इसके बाद यात्रा पिस्सू टॉप, फिर शेषनाग (9 किमी) और अगले दिन पंचतरणी (14 किमी) पहुँचती है।
- पंचतरणी से गुफा केवल 6 किमी दूर रह जाती है।
2. बालटाल रूट
- यह मार्ग कम दूरी का है, कुल 14 किमी, लेकिन चढ़ाई बहुत खड़ी और कठिन है।
- बुजुर्ग और कमजोर स्वास्थ्य वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रूट उपयुक्त नहीं माना जाता।
- रास्ता संकरा और घुमावदार होने के कारण सावधानी बेहद जरूरी है।
यात्रा के दौरान इन बातों का रखें ध्यान:
- मेडिकल सर्टिफिकेट, 4 पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, RFID कार्ड, और यात्रा आवेदन फॉर्म साथ रखें।
- प्रतिदिन 4–5 किलोमीटर पैदल चलने की आदत डालें।
- प्राणायाम और श्वास संबंधित योग करें।
- यात्रा में ऊनी कपड़े, रेनकोट, ट्रैकिंग स्टिक, पानी की बोतल, और जरूरी दवाइयों वाला बैग अवश्य रखें।