Movie prime

जब से भाजपा ने पावर डिस्कॉम की जांच की मांग उठाई है, तब से अरविंद केजरीवाल बौखला गए हैं : वीरेन्द्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पावर डिस्कॉम बीएसईएस के साथ मिलीभगत कर जनता को लूटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा ने इस मुद्दे को उठाया और बीएसईएस के खातों की जांच की मांग की, तब से केजरीवाल सरकार बौखलाई हुई है।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले तक अरविंद केजरीवाल दावा कर रहे थे कि भाजपा सत्ता में आई तो बिजली सब्सिडी बंद कर देगी। लेकिन भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया कि न केवल सब्सिडी जारी रहेगी, बल्कि इसे मध्यम वर्ग तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके बाद, केजरीवाल ने अब "अडानी को पावर डिस्कॉम सौंपने" का नया झूठ फैलाना शुरू कर दिया है।

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता फरवरी 2025 में भाजपा की सेवा सरकार लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में जनहित में कई बड़े फैसले लिए जाएंगे। साथ ही, दिल्ली सरकार और बीएसईएस के खातों की सतर्कता जांच का आदेश देकर जनता से की गई लूट का जवाब मांगा जाएगा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि 2015 तक अरविंद केजरीवाल को बीएसईएस के हर खाते में घोटाला दिखता था। लेकिन आज वही केजरीवाल इस कंपनी के वकील बने हुए हैं, जबकि यह कंपनी जनता से अलग-अलग सरचार्ज लगाकर जमकर वसूली कर रही है।