Movie prime

आतिशी जानती हैं कि वह विधायक ज़रूर बन गयी हैं, लेकिन उनके पास कोई राजनीतिक जमीन नहीं है : वीरेन्द्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज एक पत्रकार वार्ता में कहा कि यह खेदपूर्ण है कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी अनेक बार अपने पद की गरिमा को तार तार किया और आज जब कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं, तब भी अपने पद की गरिमा का ध्यान रखे बने बयानबाज़ी कर रही हैं। मुख्यमंत्री पद पर नियुक्त होने पर आतिशी मार्लेना ने मुख्यमंत्री की कुर्सी के साथ खाली कुर्सी रख कर तो वहीं बार बार आम आदमी पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल ने उन्हे अस्थाई मुख्यमंत्री कह कर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को तोड़ा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की आतिशी मार्लेना बतायें कि आज उन्हे मुख्यमंत्री नियुक्ति की चिंता हो रही है, पर उन 5 माह वह चिंता कहां थी जब केजरीवाल जेल में थे और पद लावारिस था। यह खेदपूर्ण है कि आतिशी मार्लेना कार्यवाहक मुख्य मंत्री रहते हुए भी अब लगातार अपने पद का दुरुपयोग कर दिल्ली में बिजली कटौती से लेकर नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों द्वारा लूट जैसी अनर्गल टिप्पणियां कर रही हैं। आतिशी जानती हैं कि वह पुनः विधायक जरूर चुन गई हैं पर उनके पास कोई राजनीतिक जमीन नही है और ना ही वह संघर्ष शक्ति है जो विपक्ष के नेता में होनी चाहिए।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में आंतरिक कलह की मनगढ़ंत टिप्पणी करने से पहले आतिशी आम आदमी पार्टी में चल रहे असली सत्ता संघर्ष पर जवाब दें। आतिशी मार्लेना जवाब दें कि क्या यह सच नही है कि 3-5 बार विधायक चुने गये मतीन अहमद, गोपाल राय, संजीव झा, कुलदीप कुमार, जरनैल सिंह की तो छोड़िए आले मोहम्मद, पुनरदीप सिंह साहनी जैसे परिवार राजनीति से निकले विधायक हों कोई भी आतिशी मार्लेना को नेता प्रतिपक्ष के रूप में स्वीकारने को तैयार नही हैं। बेहतर होगा कि भाजपा पर टिप्पणी करने से पहले आतिशी अपनी राजनीतिक जमीन को संभालें।

पत्रकार वार्ता को मीडिया विभाग प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने संचालित किया और कहा कि आज "आप" अंतर्कलह से घिरी है और आतिशी मुख्यमंत्री पद हारने के बाद अब नेता प्रतिपक्ष के पद की रेस से भी बाहर हो गईं हैं। पत्रकार वार्ता में मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल भी उपस्थित थे।