अयोध्या राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ में भर्ती

मंगलवार शाम को अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के SGPGI अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनका शुगर लेवल बढ़ गया था, जिससे उनकी स्थिति और भी गंभीर हो गई। फिलहाल उनकी जांच जारी है, और चेकअप के बाद ही उनके स्वास्थ्य की पूरी जानकारी मिल सकेगी। हालांकि, अभी तक औपचारिक रूप से उनकी स्थिति पर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
बताते चलें कि आचार्य सत्येंद्र दास, जो 86 वर्ष के हैं, 1992 से राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के मुख्य पुजारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका जन्म अयोध्या के पास एक धार्मिक परिवार में हुआ था, और वे बचपन से ही धार्मिक अनुष्ठानों और वेद-शास्त्रों में पारंगत रहे हैं। उनके गुरु, महंत अभिराम दास, ने उन्हें पुजारी बनने के लिए प्रेरित किया, और तब से वे अपने गहरे शास्त्र ज्ञान और धार्मिक आस्था के प्रति समर्पण के कारण इस प्रतिष्ठित पद पर हैं।

आचार्य सत्येंद्र दास न केवल रामलला की पूजा-अर्चना में संलग्न रहते हैं, बल्कि वे अयोध्या और देशभर के धार्मिक मामलों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। राम मंदिर आंदोलन और इसके निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण घटनाओं में भी उनकी भागीदारी रही है, जिससे उनका अयोध्या के धार्मिक और सामाजिक जीवन में विशेष स्थान है।