Movie prime

दिल्ली की जनता के सेवक बनकर भाजपा प्रत्याशी उनके मुद्दों को उठाएंगे : वीरेन्द्र सचदेवा

 
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं दिल्ली के सभी सातों नए चुने हुए सांसदों ने आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से दिल्ली के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया जिन्होंने भाजपा को पूर्ण समर्थन देकर दिल्ली की सातों सीटें जिताकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का निर्णय लिया है।
भाजपा सांसदों ने उनके संगठनात्मक सुझबूझ और उनके निर्णायक निर्देश के लिए प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा का आभार व्यक्त किया। दक्षिणी दिल्ली सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने माल्यार्पण करके एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका आभार जताया। 
जीत की हैट्रिक लगाने वाले सांसद श्री मनोज तिवारी ने अपना एक नया गीत गुणगुणा कर उपस्थित सभी पत्रकारों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्वी दिल्ली सांसद हर्ष मल्होत्रा, पश्चिमी दिल्ली सांसद कमलजीत सहरावत, उत्तर पश्चिम दिल्ली सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता सरदार अरविंन्दर सिंह लवली को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने पूरे चुनाव प्रचार में सहयोग के लिये सभी मीडिया कर्मियों का, मीडिया स्ट्रेटेजी बनाने में उचित मार्गदर्शन के लिए प्रदेश अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं और चुनाव मीडिया प्रबंधन में सहयोग के लिये सभी प्रवक्ताओं एवं मीडिया रिलेशन प्रमुख का आभार प्रकट किया। 
मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल, कार्यालय मंत्री बृजेश राय एवं श्री अमित गुप्ता, प्रवक्ता डा. अनिल गुप्ता, शुभेन्दू शेखर अवस्थी, अजय सहरावत आदि भी पत्रकार वार्ता में उपस्थित थे। 
वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली में जीते सभी सातों सांसदों को बधाई देते हुए कहा कि 1952 एवं 2024 के बीच यह पहला मौका है जब किसी पार्टी ने लगातार तीसरी बार सभी सीटें जीती है। अनेक मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों मे आम आदमी पार्टी एवं कांग्रेस गठबंधन बुरी तरह हारा है और लगभग 55 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी बड़े अंतर से जीते हैं। दिल्ली में अगर जीत का कोई मुख्य नायक हैं तो वह हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। 
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इस भीषण गर्मी में लगातार काम किया और दिल्ली की जनता का पूरा आशीर्वाद भाजपा प्रत्याशियों को दिलवाया और संगठन उनका कृतज्ञ है। 
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि जिस दिन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का दिल्ली में गठबंधन हुआ उसी दिन तय हो गया था कि हम दिल्ली में सातों सीटें जीत रहे हैं। 
दिल्ली की जनता ने इस बात को स्वीकार किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट हैं और दिल्ली की जनता ने उनके जेल का जवाब वोट की चोट अभियान को ठुकराया है। जनता को इस बात का एहसास हुआ कि जो पंजाब में एक-दूसरे का गला काटने को तैयार हैं वह दिल्ली में गले मिल रहे हैं। 
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में जीते भाजपा के सभी सांसद, सांसद नहीं बल्कि जनता के सेवक हैं और आने वाले समय में यह लगातार जनता की आवाज़ को उठाते रहेंगे और दिल्ली सरकार के खिलाफ लड़ते रहेंगे। 
उन्होंने कहा कि दिल्ली में मानसून आने वाला है लेकिन हमें पता है कि अभी तक नालों की सफाई नहीं हुई है और आने वाले समय में फिर से केजरीवाल के मंत्री नए-नए बहाने बनाएंगे लेकिन इस बार हम उन्हें बहाना नहीं बनाने देंगे 
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा की यह जीत सिर्फ एक विराम है और फिर से अपने काम पर लगेंगे और आने वाले दिल्ली में विधानसभा चुनाव में दिल्ली से इस भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने कहा कि जितने लोग जीतकर आज संसद में जा रहे हैं उन्होंने दिल्ली के संगठन के लिए बहुत काम किया है इसलिए दिल्ली की जनता का दर्द समझते हैं और अब उसी दर्द को समझते हुए आगे काम करेंगे।