Movie prime

मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना संसद हमले के दोषियों, खासकर अफजल गुरू के बचाव में अपने माता पिता की भूमिका पर जवाब दें : वीरेन्द्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने संसद हमले की बरसी पर शहीद जवानों और कर्मियों को नमन करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश संसद पर हुए कायराना हमले की निंदा कर रहा है, ऐसे में दिल्ली की जनता भी चाहती है कि मुख्यमंत्री आतिशी संसद हमले और इसमें शामिल आतंकियों, विशेषकर अफजल गुरू की भूमिका की सार्वजनिक रूप से निंदा करें।

वीरेन्द्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि हर साल संसद हमले की बरसी पर दिल्ली के लोग आतिशी मार्लेना के माता-पिता विजय सिंह और त्रिपता वाही द्वारा संसद हमले के दोषियों के बचाव में दिए गए बयानों और राष्ट्रपति को भेजी गई याचिका को याद करते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली की जनता का सवाल है कि मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना अपने माता-पिता की उस भूमिका पर जवाब दें, जिसमें वे अफजल गुरू जैसे दोषियों के पक्ष में खड़े नजर आए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस महत्वपूर्ण दिन पर आतिशी को संसद हमले की कड़ी निंदा करनी चाहिए और दिल्लीवासियों के सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए।