सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की बहाली पर विवाद, सचदेवा ने आतिशी को घेरा
Nov 3, 2024, 15:16 IST

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह बड़ी विडंबना है कि मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना उपराज्यपाल के निर्देश का पालन करने की मांग पर इतनी नाराज हो गई हैं कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक के उदाहरण देने लगीं, लेकिन यह नहीं बता रहीं कि आखिरकार 1 नवंबर से सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और बस मार्शलों की बहाली क्यों नहीं हुई।
सचदेवा ने कहा कि ये सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स अस्थाई कर्मचारी हैं, जिन्हें काम के दिन के आधार पर वेतन दिया जाता है। लेकिन आतिशी मार्लेना सरकार की लापरवाही के चलते ऐसा नहीं लगता कि इन वॉलंटियर्स की बहाली अगले 3-4 दिनों में भी हो पाएगी। इसके कारण इन लोगों को इस महीने कम से कम 7 दिनों का वेतन मानदेय भी खोना पड़ेगा।
वीरेन्द्र सचदेवा ने चुनौती देते हुए कहा कि आतिशी मार्लेना भाजपा शासित एक भी ऐसा राज्य का नाम बताएं, जहां कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों को हटाया जा रहा हो या उन्हें वेतन संकट का सामना करना पड़ रहा हो।
उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि चाहे जितनी कहानीबाजी कर लो, मैं 4 नवंबर को सुबह 11 बजे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आपके सरकारी आवास पर आऊंगा और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स/बस मार्शलों की बहाली का आदेश लेकर ही लौटूंगा।
