दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने केजरीवाल पर साधा निशाना, शीशमहल बंगले की इन्वेंट्री पर सवाल
Oct 20, 2024, 15:39 IST

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा में आई पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले की इन्वेंट्री लिस्ट को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस इन्वेंट्री लिस्ट को देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि केजरीवाल और आतिशी मार्लेना इस बंगले को आम जनता की नजरों से क्यों छिपाए रखना चाहते हैं।


सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का आवास जरूर सुंदर और सुविधाओं से लैस होना चाहिए, लेकिन विलासिता की वस्तुओं पर बेहिसाब खर्च निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश और दिल्ली में एक करोड़ का घर खरीदना अधिकांश लोगों के लिए एक सपना है, तब केजरीवाल के बंगले में एक करोड़ रुपये की टॉयलेट सीट लगाई गई थी, जो अब गायब है। इसके अलावा, 15 करोड़ से अधिक की सैनिटरी फिटिंग और 5 करोड़ से अधिक की सजावटी सामग्री बंगले में मौजूद थी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि इस पूरी तरह वातानुकूलित बंगले में 5 करोड़ 60 लाख रुपये के परदे और लाखों के सोफे सजाए गए हैं। सचदेवा ने तंज कसते हुए कहा कि जिस आम आदमी की छवि केजरीवाल प्रस्तुत करते हैं, वही व्यक्ति लाखों के स्टीम ओवन, माइक्रोवेव, कॉफी मशीन और वाशिंग मशीन जैसे महंगे उपकरण बंगले में लगवाते हैं, जो एक आम आदमी की कल्पना से परे हैं।

सचदेवा ने मांग की है कि इस शीशमहल की इन्वेंट्री लिस्ट सार्वजनिक होने के बाद मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना को नैतिकता के आधार पर मीडिया कर्मियों को बंगले में बुलाकर हर वस्तु का खुलासा करना चाहिए। उन्होंने यह भी पूछा कि एक करोड़ रुपये से अधिक की टॉयलेट सीट आखिर कहां गायब हो गई?