Movie prime

LoC पर भारत-पाकिस्तान के बीच फ्लैग मीटिंग, सीमा पर शांति बनाए रखने पर बनी सहमति

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर बढ़ते तनाव के बीच भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच शुक्रवार को एक फ्लैग मीटिंग आयोजित की गई। यह बैठक पुंछ सेक्टर के चाका दा बाग (LoC ट्रेड सेंटर) में हुई, जहां दोनों देशों के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। यह वार्ता करीब 75 मिनट तक चली।

गौरतलब है कि बीते चार वर्षों में यह इस तरह की पहली फ्लैग मीटिंग थी। इससे पहले 2021 में ऐसी बैठक हुई थी। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में दोनों देशों ने सीमा पर शांति बनाए रखने और युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति जताई।

LoC पर बीते एक महीने में पांच अहम घटनाएं

1. 16 फरवरी 2025 – स्नाइपर हमले में भारतीय जवान घायल
पुंछ सेक्टर में 16 फरवरी को स्नाइपर फायरिंग की घटना हुई, जिसमें एक भारतीय जवान घायल हो गया। इसके बाद दोनों ओर से कुछ समय तक गोलीबारी भी हुई।

2. 13 फरवरी 2025 – पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की खबर, सेना ने किया खंडन
13 फरवरी को सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें आईं कि पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में गोलीबारी की गई। कुछ रिपोर्ट्स में 6 लोगों की मौत का दावा किया गया, लेकिन भारतीय सेना ने इन खबरों को गलत बताया और कहा कि युद्धविराम अब भी लागू है।

3. 11 फरवरी 2025 – IED ब्लास्ट में 2 जवान शहीद, एक घायल
अखनूर सेक्टर के लालोली इलाके में 11 फरवरी को IED धमाका हुआ, जिसमें सेना के दो जवान शहीद और एक घायल हो गया। यह विस्फोट उस समय हुआ जब भारतीय सैनिक गश्त पर थे। शहीद जवानों की पहचान कैप्टन केएस बख्शी और मुकेश के रूप में हुई।

4. 4 फरवरी 2025 – भारतीय सेना ने 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया
4 फरवरी की रात कृष्णा घाटी क्षेत्र में भारतीय सेना ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे 7 पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। सूत्रों के अनुसार, ये घुसपैठिए भारतीय सेना की पोस्ट पर हमला करने की योजना बना रहे थे।

5. 14 जनवरी 2025 – लैंडमाइन ब्लास्ट में 6 जवान घायल
राजौरी जिले के भवानी सेक्टर में 14 जनवरी को एक लैंडमाइन धमाके में गोरखा राइफल्स के 6 जवान घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब पेट्रोलिंग के दौरान एक जवान का पैर गलती से सेना द्वारा बिछाई गई लैंडमाइन पर पड़ गया।

तनाव के बीच शांति की उम्मीद
हालिया घटनाओं को देखते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच हुई यह फ्लैग मीटिंग अहम मानी जा रही है। दोनों देशों ने सीमा पर शांति बनाए रखने और संघर्षविराम का पालन करने पर सहमति जताई है।