Movie prime

पिछले एक महीने से हम हमारे 285 करोड़ का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं : सोनिया गांधी

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अजय माकन ने आज दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की। 49 मिनट तक चले प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव से पूर्व पार्टी के बैंक खाते फ्रीज़ करने का मुद्दा उठाया है। नेताओं का कहना है कि पार्टी के खाते फ्रीज़ करवाकर फेयर इलेक्शन की बात कैसे की जा सकती है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। लोकतंत्र के लिए यह जरूरी है कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराए जाएं और सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर मिले। ED, IT और अन्य स्वतंत्र संस्थाओं पर किसी का नियंत्रण नहीं होना चाहिए। पिछले कुछ दिनों में चुनावी बॉन्ड को लेकर जो तथ्य सामने आए हैं, उससे देश की छवि को ठेस पहुंची है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए। किसी कोर्ट ने, चुनाव आयोग ने चूं तक नहीं की। किसी ने कुछ नहीं कहा। हमें देश के 20% लोगों ने वोट किया। हम उनका प्रतिनिधित्व करते हैं। कांग्रेस के बैंक खाते नहीं, देश के लोकतंत्र को फ्रीज किया गया है। हमारे देश में लोकतंत्र है ही नहीं।

वहीं सोनिया गाँधी ने इस मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज करके कांग्रेस को पंगु बनाने की कोशिश की जा रही है। ये लोकतंत्र पर हमला है। पिछले एक महीने से हम हमारे 285 करोड़ का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। अगर हम कोई काम नहीं कर सकते तो लोकतंत्र कैसे जिंदा रहेगा।

बताते चलें कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, सुप्रीम कोर्ट ने जिस चुनावी चंदे की स्कीम को अवैध व असंवैधानिक कहा, उस स्कीम के तहत BJP ने हजारों-करोड़ रुपए अपने बैंक खातों में भर लिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल (कांग्रेस) का बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है, ताकि हम पैसों के अभाव में बराबरी के साथ चुनाव न लड़ पाएं। यह सत्ताधारी दल द्वारा खेला गया एक खतरनाक खेल है।