Movie prime

हरदीप सिंह बरार बने BMW इंडिया के नये अध्यक्ष और CEO, विक्रम पावाह की लेंगे जगह

BMW ग्रुप इंडिया ने मंगलवार को हरदीप सिंह बरार को कंपनी का नया अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किए जाने की घोषणा की। बरार 1 सितंबर 2025 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी ने बताया कि वह विक्रम पावाह की जगह लेंगे, जो अब बीएमडब्ल्यू ग्रुप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के सीईओ के रूप में कार्यरत होंगे।

बीएमडब्ल्यू के एशिया-प्रशांत, पूर्वी यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका क्षेत्रों के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीन-फिलिप पैरेन ने भारत को कंपनी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और तेजी से उभरता हुआ बाजार बताया। उन्होंने कहा, “भारत हमारे क्षेत्रीय दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टिकोण का अहम हिस्सा है। हरदीप सिंह बरार इस चुनौतीपूर्ण बाजार की गहराई से समझ रखते हैं और उनके पास संचालन को और सशक्त बनाने का व्यापक अनुभव है।”

विक्रम पावाह के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “हम बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया की रणनीतिक वृद्धि में उनके योगदान और नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कंपनी की हालिया प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”

बरार को भारतीय ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कई वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर काम किया है और हाल ही में किआ इंडिया में सेल्स और मार्केटिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के तौर पर कार्यरत थे। कंपनी ने यह भी बताया कि विक्रम पावाह 2017 से बीएमडब्ल्यू ग्रुप के साथ जुड़े हैं। उन्होंने भारत में दो बार (2017-2018 और 2020-2025) और ऑस्ट्रेलिया में (2018-2020) कंपनी के परिचालन का सफल नेतृत्व किया है।

ऑटोमोबाइल कंपनी ने कहा कि हाल के वर्षों में पावाह ने बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कंपनी की बाजार हिस्सेदारी को बढ़ाने, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने, डिजिटल सेवाओं, रिटेल अनुभव और ग्राहक केंद्रितता को सशक्त करने में अग्रणी भूमिका निभाई।

गौरतलब है कि BMW, Mini और Motorrad ब्रांडों के साथ, BMW ग्रुप ने भारत के प्रीमियम ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत की है। बीएमडब्ल्यू इंडिया, बीएमडब्ल्यू ग्रुप की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, जिसका मुख्यालय गुरुग्राम (एनसीआर) में स्थित है। कंपनी ने भारत में 2007 में अपने परिचालन की शुरुआत की थी। वहीं Mini ब्रांड 2012 में भारतीय बाजार में उतरा और प्रीमियम स्मॉल कार सेगमेंट में खुद को सफलतापूर्वक स्थापित किया है।

News Hub