Movie prime

LIMA 2025 : 17वीं लंगकावी प्रदर्शनी में भारत दिखायेगा अपनी रक्षा ताकत, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ करेंगे प्रतिनिधित्व

भारत की रक्षा क्षमताओं का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन करने के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 20 से 24 मई तक मलेशिया के लंगकावी में आयोजित होने वाली लंगकावी अंतर्राष्ट्रीय समुद्री और अंतरिक्ष प्रदर्शनी (LIMA 2025) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी का 17वां संस्करण है।

इस आयोजन में भारत का एक विशेष मंडप भी स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन स्वयं रक्षा राज्य मंत्री करेंगे। इस प्रदर्शनी में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड, बीडीएल, बीईएमएल, एचएएल और ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड सहित कई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां और निजी रक्षा संस्थाएं हिस्सा लेंगी। ये संस्थाएं भारत के रक्षा उत्पादन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

इस बार भारतीय रक्षा संपत्तियों के रूप में डोर्नियर विमान और भारतीय नौसेना का एक जहाज भी इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

रक्षा मंत्रालय की जानकारी के अनुसार, मंत्री संजय सेठ इस दौरे के दौरान मलेशिया के रक्षा मंत्री दातो सेरी मोहम्मद खालिद बिन नॉर्डिन से मुलाकात करेंगे। यह बैठक दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करने और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को गति देने की दिशा में अहम होगी।

गौरतलब है कि भारत और मलेशिया के बीच परस्पर सहयोग के मजबूत रिश्ते हैं, जो रक्षा, सुरक्षा और रणनीतिक हितों तक फैले हुए हैं। 2024 में मलेशियाई प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान बनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की नींव को आगे बढ़ाने की दिशा में दोनों देश निरंतर प्रयासरत हैं।

लंगकावी अंतरराष्ट्रीय समुद्री एवं अंतरिक्ष प्रदर्शनी की शुरुआत वर्ष 1991 में हुई थी और यह हर दो वर्षों में आयोजित होती है। इसे एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे बड़ी व प्रमुख समुद्री और एयरोस्पेस तकनीकी प्रदर्शनी माना जाता है।