Movie prime

मध्यप्रदेश : हरदा के पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 की मौत

फैक्ट्री में आज सुबह करीब 11 बजे एक तेज धमाका हुआ जिससे पूरा शहर दहल उठा है। आतिशबाजी के लिए घरों में रखे बारूद के संपर्क में आकर, आग ने विकराल रूप ले लिया।

मध्यप्रदेश के हरदा में अवैध पटाखा फैक्ट्री  में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना भयावह था कि, आस पास के 60 से ज़्यादा घरों में आग लग गयी। आग की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गयी और 60 से अधिक लोग घायल हो गए।  वहीं फैक्ट्री के पास की सड़क पर कई शव पड़े हुए हैं। 25 से अधिक घायलों को हरदा जिला अस्पताल ले जाया गया है। प्रशासन ने 100 से ज्यादा घर खाली करवा दिए हैं। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। फैक्ट्री में रुक-रुककर धमाके हो रहे हैं।

बताते चलें कि, फैक्ट्री मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। फैक्ट्री में आज सुबह करीब 11 बजे एक तेज धमाका हुआ जिससे पूरा शहर दहल उठा है। आतिशबाजी के लिए घरों में रखे बारूद के संपर्क में आकर, आग ने विकराल रूप ले लिया। इसकी वजह से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल है। फैक्ट्री से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना को लेकर आपात बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री ने तत्काल मंत्री उदय प्रताप सिंह, एसीएस अजीत केसरी, डीजी होम गार्ड अरविंद कुमार को हेलीकॉप्टर से जाने के निर्देश दिए हैं। भोपाल, इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने के लिए कहा गया है। राहत कार्यों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि मेरा घर करीब 200 मीटर दूर है, उसके भी टीन उड़ने लगे। हम घबराकर बाहर भागे। इसी दौरान फिर से ब्लास्ट हुआ। एक के बाद एक कई धमाके हुए। पत्थर कई फीट उछले। राहगीर उछलकर सड़क पर गिर गए। कई की जान चली गई। मुझे तो लगता है कि कम से कम 1000 लोग वहां फंसे होंगे।