Movie prime

सांसद महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा ने जर्मनी में की शादी, आधिकारिक पुष्टि नहीं

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और बीजद के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा को लेकर खबरें हैं कि दोनों ने विवाह कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह शादी जर्मनी में संपन्न हुई, हालांकि दोनों में से किसी ने भी सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है। हालांकि मीडिया में यह चर्चा ज़ोरों पर है कि दोनों अब जीवनसाथी बन चुके हैं।

पिनाकी मिश्रा और महुआ मोइत्रा के बीच उम्र का फासला लगभग 15 वर्षों का है। पिनाकी मिश्रा ओडिशा के पुरी से लोकसभा सांसद रह चुके हैं और सुप्रीम कोर्ट में वकालत करते हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की है और सेंट स्टीफेंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की थी।

पिनाकी की पहली पत्नी संगीता मिश्रा थीं, जिनसे उनके दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी। दोनों के रिश्ते अब खत्म हो चुके हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उनका कानूनी रूप से तलाक हुआ है या नहीं। अगर तलाक हो चुका है, तो महुआ मोइत्रा से यह उनकी दूसरी शादी मानी जाएगी।

राजनीति के अलावा पिनाकी मिश्रा व्यवसाय में भी सक्रिय हैं। उनकी कंपनी होटल इंडस्ट्री में काम करती है। 2014 में उन्हें देश का सबसे अमीर सांसद कहा गया था, जब उनकी कुल संपत्ति 140 करोड़ रुपये आंकी गई थी। उनका जन्म 23 अक्टूबर 1959 को ओडिशा के पुरी में हुआ था। पिनाकी मिश्रा के पिता भी राजनेता रहे हैं और कांग्रेस से जुड़े थे। वे न केवल ओडिशा विधानसभा के सदस्य थे बल्कि विभिन्न राज्यों के राज्यपाल पद पर भी कार्य कर चुके हैं।

वहीं, महुआ मोइत्रा की यह दूसरी शादी बताई जा रही है। पहले वह डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से शादी कर चुकी थीं, लेकिन उनका विवाह ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों अलग हो गए। इसके बाद उनका नाम जय अनंत दोहाद्राई के साथ भी जोड़ा गया था, लेकिन वह संबंध भी विवादों के चलते समाप्त हो गया।

महुआ का जन्म 12 अक्टूबर 1974 को असम में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वह एक बैंक में कार्यरत थीं। बाद में उन्होंने टीएमसी के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर लोकसभा सीट से सांसद हैं। वह अक्सर अपने तीखे और बेबाक बयानों के कारण सुर्खियों में रहती हैं।