Movie prime

ओडिशा के नये मुख्यमंत्री होंगे मोहन चरण माझी, के.वी. सिंहदेव और प्रभाती परिदा उपमुख्यमंत्री

ओडिशा के नये मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी होंगे। केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव ने पार्टी विधायकों के साथ भुवनेश्वर में हुई बैठक में यह फैसला लिया। इसके साथ ही कनक वर्धन सिंहदेव और प्रभाती परिदा राज्य के उपमुख्यमंत्री होंगे। बताते चलें कि मोहन चरण माझी क्योंझर से चार बार के विधायक हैं। उन्होंने 2024 विधानसभा चुनाव में बीजेडी की वीणा माझी को 11 हजार से अधिक वोटों से हराया था। इसके अलावा, वे 2019, 2009 और 2000 में भी विधायक रह चुके हैं। कनक वर्धन सिंहदेव पटनागढ़ से और प्रभाती परिदा पुरी की निमापारा सीट से विधायक हैं। 

कनक वर्धन सिंहदेव बोलांगीर के राजपरिवार से संबंधित हैं। वे नवीन पटनायक की सरकार में 2000 से 2004 तक उद्योग और सार्वजनिक उद्यम, और 2004 से 2009 तक शहरी विकास और सार्वजनिक उद्यम के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। वे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार बहुमत के साथ जीत हासिल की है। राज्य की 147 सीटों में से भाजपा को 78 सीटें मिली हैं, जबकि नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (बीजेडी) को 51, कांग्रेस को 14, सीपीआईएम को 1 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं।

पीएम मोदी समेत 50 हजार लोग शामिल हो सकते हैं
ओडिशा में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे। वे 12 जून को दोपहर 2:30 बजे भुवनेश्वर पहुंचेंगे। इसके बाद वे जनता मैदान जाएंगे। हालांकि पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले मोदी के लिए रोड शो का प्रस्ताव रखा है, लेकिन पुलिस से कन्फर्मेशन पेंडिंग है। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न भाजपा शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत कई मेहमान शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में विधायकों और सांसदों सहित लगभग 50,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है।