Movie prime

केंद्र सरकार का ऐतिहासिक कदम, अब 'श्री विजयपुरम' के नाम से जाना जायेगा पोर्ट ब्लेयर

केंद्र सरकार ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर 'श्री विजयपुरम' रखने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह फैसला क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के उद्देश्य से लिया गया है, जो प्राचीन श्री विजय साम्राज्य से प्रेरणा प्राप्त करता है।

इस फैसले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर साझा की। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुलामी के प्रतीकों से देश को मुक्त करने के संकल्प के तहत गृह मंत्रालय ने पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर ‘श्री विजयपुरम’ करने का निर्णय लिया है।"

स्वतंत्रता संग्राम में अंडमान-निकोबार का योगदान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बदलाव को स्वतंत्रता संग्राम और अंडमान-निकोबार के योगदान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, "'श्री विजयपुरम' नाम हमारे स्वाधीनता संग्राम की महत्ता और इस द्वीप के विशेष योगदान को दर्शाता है। चोल साम्राज्य के समय से यह द्वीप नौसेना का अड्डा रहा है और आज भी यह देश की सुरक्षा और विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।"

ऐतिहासिक धरोहर का सम्मान
अमित शाह ने आगे कहा कि यह द्वीप हमारे इतिहास में अमूल्य योगदान रखता है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने सबसे पहले इसी द्वीप पर तिरंगा फहराया था और सेलुलर जेल में वीर सावरकर समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने यहां अपने प्राणों की आहुति दी थी। 'श्री विजयपुरम' नाम इस गौरवशाली इतिहास को सम्मानित करता है और आने वाली पीढ़ियों को इसकी याद दिलाएगा।