रेलवे बोर्ड के पहले दलित चेयरमैन सह सीईओ बने सतीश कुमार, इस दिन से संभालेंगे कार्यभार

सतीश कुमार को रेलवे बोर्ड का नया चेयरमैन सह सीईओ नियुक्त किया गया है, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट नियुक्ति समिति (एसीसी) ने मंजूरी दे दी है। सतीश कुमार 1 सितंबर से अपना कार्यभार संभालेंगे, जबकि मौजूदा अध्यक्ष सह सीईओ जया प्रभा वर्मा सिन्हा 31 अगस्त को रिटायर होंगी। जया वर्मा सिन्हा ने पिछले साल रेलवे बोर्ड की पहली महिला सीईओ बनकर इतिहास रचा था।
सतीश कुमार की नियुक्ति कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि यह पहली बार है कि दलित समुदाय के व्यक्ति को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सह सीईओ के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी पत्नी पेशे से डॉक्टर हैं, और सतीश कुमार को वर्तमान में बोर्ड के ट्रैक्शन एंड रोलिंग स्टॉक के सदस्य के रूप में पदोन्नत किया गया है। उनका कार्यकाल एक साल के लिए निर्धारित है, जो 1 सितंबर से प्रभावी होगा।

सतीश कुमार का भारतीय रेलवे में 34 वर्षों का शानदार सफर
सतीश कुमार भारतीय रेलवे सेवा के मैकेनिकल इंजीनियर्स (आईआरएसएमई) 1986 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने मार्च 1988 में भारतीय रेलवे से अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने 34 साल के करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। उत्तर मध्य रेलवे (प्रयागराज) के महाप्रबंधक के रूप में 8 नवंबर 2022 को उन्होंने कार्यभार संभाला था।
इससे पहले, वे जयपुर में उत्तर पश्चिम रेलवे में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। हाल ही में उन्हें ट्रैक्शन और रोलिंग स्टॉक के एमटीआरएस प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था, जो रेलवे के अहम पहलुओं की देखरेख करता है। सतीश कुमार की इस पद पर नियुक्ति न सिर्फ उनके लिए बल्कि रेलवे के 119 साल के इतिहास के लिए भी एक नया अध्याय है।