Movie prime

सेंसेक्स 79,243 और निफ्टी 24,044 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद, शेयर बाजार ने लगातार तीसरे दिन बनाया ऑल टाइम हाई

आज शेयर बाजार ने लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई दर्ज किया है। सेंसेक्स 568 अंक की बढ़त के साथ 79,243 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 175 अंक चढ़कर 24,044 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, सेंसेक्स ने 79,396 और निफ्टी ने 24,087 का ऑल टाइम हाई छुआ। पिछले दो दिनों, 25 और 26 जून को भी शेयर बाजार ने ऑल टाइम हाई दर्ज किया था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में तेजी और 8 में गिरावट रही।

मेटल, एनर्जी और IT शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। निफ्टी IT इंडेक्स में 2.03% की बढ़त दर्ज की गई। अल्ट्राटेक सीमेंट 5.45% की बढ़त के साथ निफ्टी का टॉप गेनर रहा, जबकि L&T का शेयर 1.11% की गिरावट के साथ निफ्टी टॉप लूजर रहा।

अल्ट्राटेक सीमेंट का बड़ा सौदा
अल्ट्राटेक सीमेंट के बोर्ड ने इंडिया सीमेंट्स में 23% हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है। अल्ट्राटेक, इंडिया सीमेंट्स के 7.06 करोड़ स्टॉक्स को 267 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से खरीदेगी, जिसकी कुल कीमत करीब 1,885 करोड़ रुपए होगी। इस डील के बाद, अल्ट्राटेक सीमेंट और इंडिया सीमेंट्स के शेयरों में तेजी देखी गई। इंडिया सीमेंट्स के शेयर 11.09% बढ़कर 291.75 रुपए पर बंद हुए, जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट 5.45% बढ़कर 11,749.85 रुपए पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में गिरावट

-आज एशियाई बाजारों में गिरावट रही। जापान का निक्केई 0.82%, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.90% और हांगकांग का हैंग सेंग 2.06% नीचे बंद हुआ। 

-विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने बुधवार को ₹3,535.43 करोड़ के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹5,103.67 करोड़ के शेयर खरीदे। 

-अमेरिकी बाजार में बुधवार को मामूली बढ़त रही। डाउ जोन्स में 0.04%, नैस्डैक में 0.49% और S&P 500 इंडेक्स में 0.16% की बढ़त दर्ज की गई।

एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स का IPO
एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स के इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) का आज आखिरी दिन था। यह IPO 24.67 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल कैटेगरी में यह 4.44 गुना, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) में 53.01 गुना और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 33.94 गुना सब्सक्राइब हुआ।