Movie prime

भारतीय स्टेट बैंक का शेयर आल टाइम हाई पर, ₹8 लाख करोड़ के मार्केट कैप को पार करने वाली 7वीं भारतीय लिस्टेड कम्पनी बनी

 

भारतीय स्टेट बैंक ₹8 लाख करोड़ के मार्केट कैप को पार करने वाली भारत की सातवीं लिस्टेड कंपनी बन गई है। बैंक का शेयर आज 912 रुपए के रिकार्ड हाई पर पहुंचा। हालांकि, दिनभर कारोबार करने के बाद शेयर अपने हाई से थोड़ा नीचे आकर 9.48% की तेजी के साथ 909.05 रुपए पर बंद हुआ। मार्केट क्लोजिंग के बाद बैंक का मार्केट कैप 8.07 लाख करोड़ हो गया है। साल 2024 में अब तक SBI के शेयरों में 41% से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। वहीं एक साल में शेयर 54% से ज्यादा चढ़ा है। विदित हो कि, भारतीय स्टेट बैंक देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक है। SBI में सरकार की 56.92% हिस्सेदारी है।

बताते चलें कि, इससे पहले, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, HDFC बैंक, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और ICICI बैंक ने यह उपलब्धि हासिल की है। हालांकि, अब इंफोसिस का मार्केट कैप ₹8 लाख करोड़ से घटकर ₹5.82 लाख करोड़ हो गया है।

SBI का चौथी तिमाही में मुनाफा 24% बढ़कर ₹20,698 करोड़ पहुंचा
बीते दिनों SBI ने चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। बैंक का चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में मुनाफा सालाना आधार पर 23.98% बढ़कर ₹20,698 करोड़ हो गया है। एक साल पहले की समान तिमाही में सरकारी बैंक ने ₹16,695 करोड़ का नेट मुनाफा दर्ज किया था। SBI के बोर्ड ने प्रति शेयर 13.70 रुपए के लाभांश यानी डिविडेंड पेमेंट की सिफारिश की है। डिविडेंड के लिए एलिजिबल शेयरहोल्डर्स का निर्धारण 22 मई 2024 को उनकी ओनरशिप के आधार पर किया जाएगा। डिविडेंड पेमेंट 5 जून, 2024 को होगा।