उपराज्यपाल ने डी.डी.ए द्वारा की गयी खेल परिसर शुल्क वृद्धि के आदेश को रद्द करके दिल्ली के खेल प्रेमियों को दिवाली का तोहफा दिया है : वीरेन्द्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना द्वारा आज डी.डी.ए द्वारा अपने विभिन्न परिसरों में सदस्यता एवं खेल-कूद शुल्क में की गयी वृद्धि के आदेश को रद्द करने का स्वागत किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और विधायक ओमप्रकाश शर्मा ने इस संदर्भ में उपराज्यपाल को पत्र लिख कर वृद्धि के आदेश को वापस लेने की मांग की थी।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि उपराज्यपाल ने डी.डी.ए द्वारा की गयी खेल परिसर शुल्क वृद्धि को वापस करवा कर दिल्ली के लाखों खेल प्रेमियों को दिवाली का तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि यह शुल्क वृद्धि वापस होने से तीरंदाज़ी एवं एथेलेटिक्स आदि खेलों से जुड़े निम्न माध्यम वर्ग के बच्चों को विशेष लाभ होगा। साथ ही सुबह-शाम इन स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में सैर करने वाले बुजुर्गों को भी शुल्क वृद्धि से तकलीफ हुयी थी। ऐसे में उपराज्यपाल के आदेश से उन्हें भी राहत मिल गयी है।
