UPSC CSE 2024 का रिजल्ट जारी, प्रयागराज की शक्ति दुबे बनीं UPSC टॉपर, हरियाणा की हर्षिता गोयल रहीं दूसरे स्थान पर

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 22 अप्रैल को सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार शीर्ष स्थान पर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की शक्ति दुबे ने कब्जा जमाया है। वहीं, दूसरा स्थान हरियाणा मूल की हर्षिता गोयल ने हासिल किया है, जो वर्तमान में गुजरात के वडोदरा में निवास करती हैं।
इस वर्ष कुल 1009 अभ्यर्थियों को अंतिम चयन सूची में स्थान मिला है। इनमें 335 सामान्य वर्ग, 109 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 318 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 160 अनुसूचित जाति (SC) और 87 अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवार शामिल हैं।
अगर टॉपर शक्ति दुबे की बात करें तो उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई प्रयागराज से की है। इसके बाद वे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से बायोकेमिस्ट्री में पोस्टग्रेजुएशन करने गईं। वर्ष 2018 में अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की और अब उनका सपना साकार हुआ है।

वहीं दूसरी ओर, देश की सेकेंड टॉपर हर्षिता गोयल हरियाणा की रहने वाली हैं, लेकिन वे लंबे समय से वडोदरा, गुजरात में रह रही हैं।
UPSC की प्रारंभिक परीक्षा 16 जून 2024 को आयोजित की गई थी, जबकि मुख्य परीक्षा 20 से 29 सितंबर के बीच हुई थी। इसके पश्चात जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच इंटरव्यू का दौर चला, और अब अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है।