दिल्ली में भाजपा की सरकार आते ही हम यमुना स्वच्छता ट्राइब्यूनल का गठन सबसे पहले करेंगे : बांसुरी स्वराज
Updated: Oct 27, 2024, 11:18 IST

दिल्ली भाजपा की मंत्री और नई दिल्ली से सांसद बाँसुरी स्वराज ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से केजरीवाल और उनके विधायकों की पद यात्राओं में जनता का विरोध काले कपड़ों और नारेबाज़ी के माध्यम से खुलकर सामने आ रहा है। बाँसुरी स्वराज ने इसे AAP सरकार की बढ़ती 'एंटी-इनकमबेंसी' का नतीजा बताया।
बाँसुरी स्वराज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का दस साल का शासन केवल अकर्मण्यता, भ्रष्टाचार और कुशासन का प्रतीक बन गया है। दो विधानसभा चुनावों में जनता ने आम आदमी पार्टी (AAP) को समर्थन दिया, लेकिन चुनाव जीतते ही विधायक जनता से गायब हो गए। अब चुनाव करीब आते ही वे जनता के बीच में आकर 'नौटंकी' कर रहे हैं, पर जनता अब इनकी हकीकत जान चुकी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जल संकट गंभीर है, और अनधिकृत कॉलोनियों, झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोग पानी के लिए काला बाजार का सहारा लेने पर मजबूर हैं। बाँसुरी ने आरोप लगाया कि यह संकट विकासपुरी के विधायक महेंद्र यादव की शह पर चल रही पानी की काला बाजारी का परिणाम है। उन्होंने दिल्ली की बिगड़ती आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार के शासनकाल में पहली बार दिल्ली का बजट घाटे में गया है।

बाँसुरी स्वराज ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग के नए निर्माण कार्य भी रुक गए हैं, क्योंकि तत्कालीन वित्त मंत्री आतिशी मार्लेना ने इसके लिए बजट में प्रावधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए AAP भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है, जबकि भाजपा सकारात्मक राजनीति में विश्वास करती है।
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की यमुना में एक डुबकी ने AAP को हिलाकर रख दिया है। वीरेन्द्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल और आतिशी मार्लेना को यमुना घाट पर आमंत्रित किया, परंतु वे नहीं आए। बाँसुरी ने कहा कि दिल्ली की जनता अब AAP की चुनावी नौटंकी को पहचान चुकी है और उनके विक्टिम कार्ड की राजनीति अब पुरानी हो चुकी है।
यमुना की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए बाँसुरी स्वराज ने कहा कि एक दशक में AAP ने यमुना की सफाई पर सिर्फ राजनीति की, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही यमुना स्वच्छता ट्राइब्यूनल का गठन करेगी, जो लगातार यमुना की सफाई का काम करेगा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि वीरेन्द्र सचदेवा की यमुना में डुबकी से घबराई AAP विरोध को हमला बताने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यह डुबकी दिल्ली की सत्ता में परिवर्तन की कुंजी बन गई है, क्योंकि यमुना सफाई घोटाले की चर्चा अब हर ओर है। कपूर ने कहा कि AAP के पिछले एक दशक के शासन में यमुना की स्थिति बेहद खराब हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब महेंद्र यादव, दिनेश मोहनिया, प्रकाश जरवाल, गुलाब सिंह मटियाला जैसे AAP विधायकों के पानी घोटाले को नहीं भूलेगी।