योगी आदित्यनाथ को मिली जान से मारने की धमकी, मुंबई पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
Nov 3, 2024, 21:05 IST

मामले में मुंबई पुलिस ने 24 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान फातिमा खान के रूप में हुई है। फातिमा ठाणे जिले के उल्हासनगर में अपने परिवार के साथ रह रही थी और वह सूचना प्रौद्योगिकी में बीएससी कर रही थी। पुलिस के अनुसार, फातिमा अच्छी तरह से शिक्षित है, लेकिन मानसिक रूप से अस्थिर पाई गई है।
धमकी भरा संदेश मिलने के बाद, मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की। एक अज्ञात नंबर से उन्हें एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कहा गया कि अगर योगी आदित्यनाथ 10 दिन के भीतर सीएम पद से इस्तीफा नहीं देते, तो उनका हाल एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी जैसा होगा। हाल ही में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था।

यह पहली बार नहीं है जब योगी आदित्यनाथ को ऐसी धमकी मिली है। पहले भी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से कई बार धमकियां दी जा चुकी हैं। इस वर्ष मार्च में लखनऊ स्थित सुरक्षा नियंत्रण कक्ष में रात के समय उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके अतिरिक्त, दिसंबर 2023 में भी योगी को जान से मारने की धमकी मिली थी।