Movie prime

कांग्रेस आलाकमान से मिल कर लौटे चम्पाई सरकार के 4 मंत्री, जानें क्या है मामला

 
इस अवसर पर रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख समेत प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे।

झारखंड की चम्पाई कैबिनेट में शामिल कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों ने दिल्ली जा कर कांग्रेस आलाकमान से मुलाक़ात की। इस अवसर पर रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख समेत प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के दिल्ली जाने को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह कि अटकलें लगायी जा रही थी। हालांकि कयासों पर विराम लगाते हुए मंत्रियों ने बताया कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। दोबारा मंत्री बनने के बाद पहली बार दिल्ली की यात्रा में पार्टी के दोनों बड़े नेताओं से मुलाकात हुई। इस दौरान लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस विधायकों के विरोध और शिकायतों पर भी मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंत्रियों से दो टूक बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा किया है, इसका यह मतलब नहीं है कि अन्य विधायक इसके लिए योग्य नहीं हैं। विधायक और जो मंत्री बने हैं, सभी एक समान हैं। मंत्री बनने से पार्टी के अन्य विधायकों व कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी जवाबदेही और बढ़ जाती है। सभी की बात सुनें और सम्मान दें। विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की शिकायतों को वहीं निबटाएं।

14 लोकसभा सीटों पर भ्रमण करेंगे
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर पांच मार्च से राज्य के सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू करेंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पांच दिवसीय दौरे पर वे पांच मार्च को ही रांची पहुंच रहे हैं। प्रत्याशी की घोषणा के पूर्व वे हर लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। प्रत्याशी की घोषणा पर विरोध न हो इसके लिए कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उम्मीदवार उतारने और स्थिति देखकर फैसला लिया जाएगा। 

प्रभारी पांच दिनों के दौरे पर रहेंगे
लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पांच मार्च से नौ मार्च तक लोकसभा क्षेत्रों में समन्वय समिति की बैठक होगी। इसमें गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि मीर पांच मार्च को 10 बजे रांची लोकसभा क्षेत्र के नामकुम में और ढाई बजे खूंटी लोकसभा स्तरीय बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद गुमला के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि विश्राम वहीं करेंगे। छह मार्च को 10 बजे से लोहरदगा लोकसभा और तीन बजे लातेहार में चतरा लोकसभा स्तरीय बैठक में भाग लेंगे। रात्रि विश्राम हजारीबाग परिसदन में करेंगे। 

7 मार्च को धनबाद में बैठक 
सात मार्च को 10 बजे से - हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में व तीन बजे से धनबाद लोकसभा स्तरीय बैठक में भाग लेने बाद रात्रि विश्राम देवघर में करेंगे। आठ मार्च को 10 बजे से गोड्डा लोकसभा स्तरीय बैठक में भाग लेंगे। वहीं, नी मार्च को 10 बजे से सिंहभूम और दोपहर दो बजे से पूर्वी सिंहभूम लोकसभा स्तरीय बैठक में भाग लेंगे।