दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक वापसी, 27 साल बाद स्पष्ट बहुमत से सरकार

दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज की है। 70 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को 22 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस इस बार भी खाता खोलने में नाकाम रही।
1993 के चुनाव में भाजपा ने 49 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत पाया था। उस कार्यकाल में पार्टी ने मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज को मुख्यमंत्री बनाया था। इसके बाद 1998 से कांग्रेस ने 15 साल तक सत्ता संभाली, फिर 2013 में AAP सरकार बनी और लगातार तीन कार्यकाल तक रही।

इस चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और 71% स्ट्राइक रेट के साथ 40 सीटें बढ़ाईं। पार्टी ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा और 48 पर जीत दर्ज की। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी को 40 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा, जिससे उसका स्ट्राइक रेट 31% पर सिमट गया।
भाजपा को इस बार पिछले चुनाव (2020) की तुलना में वोट शेयर में 9% से अधिक की बढ़त मिली, जबकि AAP का वोट प्रतिशत करीब 10% घट गया। कांग्रेस को सीट भले ही न मिली हो, लेकिन उसने अपना वोट शेयर 2% तक बढ़ाने में सफलता हासिल की।