Movie prime

आईआईटी पास कर केजरीवाल ने नौकरी नहीं की, बल्कि गरीबों की सेवा को चुना : सुनीता केजरीवाल

राजधानी रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा आयोजित उलगुलान न्याय रैली में महागठबंधन के दिग्गज नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने जोहर कहकर अपने संबोधन की शुरुआत की। सुनीता केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। साथ ही झारखंड के चहेते मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन को भी जेल में डाल दिया। क्या उन्होंने सही किया? आप बतायेंगे क्या है उनका कसूर? अदालत ने उन्हें गुनहगार नहीं ठहराया, कोई दोष साबित नहीं हुआ, फिर भी इन्हें गुंडागर्दी और छल कपट से जेल में डाल दिया। कहते है जांच चल रही है। ये कैसे जांच है जहां आप गुनहगारों को जेल में डाल दो। ये तानासाही है ऐसी तानाशाही बर्दाशत करेंगे आप लोग। 

आईआईटी पास कर केजरीवाल ने नौकरी नहीं की बल्कि गरीबों की सेवा को चुना
सुनिता केजरीवाल ने आगे कहा कि मेरे पति का क्या कसूर है यही की उन्होंने दिल्ली में सरकारी स्कूलों को अच्छा किया। अच्छी शिक्षा प्रदान की। अस्पताल बनवाए। मोहल्ला क्लिनिक बनवाए। मोहल्ला क्लिनिक की तो देश भर में चर्चा है।अरविंद जी में देशभक्ति कूट-कूटकर भरी है। उन्होंने जब आईआईटी पास की तो उनके  सभी दोस्त पढ़ने के लिए या नौकरी करने के लिए विदेश चले गए। लेकिन, अरविंद जी को देश की सेवा करनी थी। किसी को नहीं पता कि जब हमारी शादी तय हुई, तो उन्होंने मुझसे पूछा कि मुझे समाज सेवा करनी है। तुम्हें कोई दिक्कत तो नहीं होगी। ऐसे शख्स को इन्होंने जेल में डाल दिया। आईआरएस की नौकरी मिली थी। 2006 में तो उन्होंने नौकरी ही छोड़ दी और झुग्गियों में जाकर काम करने लगे। इसके बाद साल 2011 में तो उन्होंने दो बड़े-बड़े रैलियां की। दो बार लंबा-लंबा आंदोलन किया। जनता के हक के लिए। शुगर के मरीज हैं। डॉक्टर के मना करने पर भी नहीं माने। अपनी जान दांव पर लगाकर लोगों के लिए आंदोलन किया। उसूलों के एकदम पक्के है केजरीवाल जी। पहली बार जब दिल्ली के मुख्यमंत्री बने तो 14 दिन में ही इस्तीफा दे दिया, जहां लोग चपरासी की नौकरी नहीं छोड़ते हैं इन्होंने सीएम पद छोड़ दिया। 

जेल में मेरे पति को मारने की हो रही कोशिश
सुनिता केजरीवाल ने आगे कहा कि अरविंद जी को सत्ता से कोई मोह नहीं है बस उन्हें तो देश की सेवा करनी है। उनको देश को नंबर वन बनाना है। केजरीवाल जी कहते हैं कि अगर पढ़े लिखे ईमानदार लोग ही राजनीति में नहीं आएंगे तो देश आगे कैसे बढ़ेगा। कई लोग बोलते हैं कि नहीं ये बहुत मुश्किल है। जेल का ताला टूटेगा अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जेल से छूटेंगे। कई लोगों ने कहा कि राजनीति बहुत गंदी है, वाकई बहुत गंदी चीज है। देखिए अभी उनके खाने पर कैमरा लगाया हुआ है। उनके एक-एक निवाले में नजर रखी जा रही है। कितनी शर्म की बात है। शुगर के मरीज है। 12 साल से इंसुलीन ले रहे हैं। 50 यूनिट हर रोज लेते हैं लेकिन देश में इंसुलीन नहीं दिया जा रहा है। मारना चाहते हैं ये लोग दिल्ली के मुख्यमंत्री को, ये लोग अरविंद केजरीवाल को समझा ही नहीं। केजरीवाल जी का मानना है कि इस देश ने उन्हें बहुत अच्छी शिक्षा दी है। ये एक कर्ज है जो उन्हें चुकाना है। देश की सेवा करनी है और इस लड़ाई में डरना है।  अरविंद केजरीवाल बहुत बहादूर है,शेर हैं।  मन में बस एक ही बात है।

 जेल से केजरीवाल ने भेजा संदेश
जेल में भी उन्हें भारत माता की चिंता है। जेल से उन्होंने एक संदेश भेजा है। कहा है कि अगर आप इस बार इंडिया गठबंधन को मौका देते हैं, जिम्मेदारी सौंपते हैं, तो हम सब मिलकर इस देश को बहुत महान बनाएंगे। हम सबके दिल में इंडिया है। उन्होंने सबके लिए 6 गारंटी दी है।

-पूरे देश को 24 घंटे बिजली मिलेगी। कोई पावर कट नहीं होगा।
-हर गरीब को फ्री बिजली मिलेगी।
-हर गांव में, हर मुहल्ले में सरकारी स्कूल बनेगी, जहां अच्छी और मुफ्त शिक्षा मिलेगी।
-हर गांव, हर मुहल्ले में मुहल्ला क्लिनिक बनेंगे। हर जिले में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनेंगे। फ्री और शानदार इलाज मिलेगा।
-किसानों को फसल के वाजिब दाम मिलेंगे।
-दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे।