Movie prime

ममता की राह पर भगवंत, पंजाब में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी AAP

13 लोकसभा सीटों पर 40 नामों की लिस्ट भी तैयार कर ली गई है। किसी सीट पर 2 तो किसी पर 4 विकल्प भी रखे गए हैं।

पंजाब की सभी 13 सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी। इसके लिए अंदरूनी तौर पर AAP ने पूरी तैयारी कर ली है। 13 लोकसभा सीटों पर 40 नामों की लिस्ट भी तैयार कर ली गई है। किसी सीट पर 2 तो किसी पर 4 विकल्प भी रखे गए हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले दिल्ली में हुई मीटिंग में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस फैसले को हरी झंडी दी है। इस मीटिंग में आप के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के साथ पंजाब के CM भगवंत मान और कई सीनियर नेता मौजूद थे। AAP इस फैसले को विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A की मीटिंग में भी रखेगी। पंजाब CM भगवंत मान पहले ही 13-0 से जीतने की बात कह चुके हैं। वह लगातार अलग चुनाव लड़ने की पैरवी कर रहे हैं। उधर, बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा- " पूरे देश में पंजाब बनेगा हीरो, लोकसभा चुनाव में पंजाब में आम आदमी पार्टी 13 की 13 सीटें जीतेगी।

हर सीट पर 3 विकल्प, सर्वे के बाद सिलेक्शन
सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी ने प्रत्येक सीट से कैंडिडेट के 3 विकल्प चुने हैं। अब इन उम्मीदवारों को लेकर पार्टी अपना सर्वे करवाएगी। साथ ही जो उम्मीदवार लोगों की पसंद हैं, उन्हें टिकट दी जाएगी। साथ ही, राज्य सरकार कुछ मंत्रियों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को संसदीय चुनाव लड़ने के लिए कह सकती है। इसके अलावा, युवाओं और महिलाओं को चुनाव में महत्व दिया जाएगा। हालांकि जालंधर से कांग्रेस छोड़ AAP के लोकसभा सांसद बने सुशील रिंकू की टिकट पक्की मानी जा रही है।

कांग्रेस भी अकेले लड़ने की बात कह रही
पंजाब में कांग्रेस भी AAP से गठजोड़ को राजी नहीं है। सिर्फ नवजोत सिद्धू ही इसका सपोर्ट कर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस संगठन से लेकर बड़े नेता भी इस बात का विरोध कर रहे हैं कि आप से गठबंधन कर चुनाव लड़ा जाए।

कांग्रेस पंजाब में उम्मीदवारों की तलाश में भी जुट चुकी है। पार्टी के सीनियर नेता तीन दिन में छह लोकसभा क्षेत्रों में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आज जालंधर ओर होशियारपुर में मीटिंग रखी गई। जबकि इससे पहले लुधियाना और संगरूर की मीटिंग हो चुकी है। पहले उन क्षेत्रों पर नजर है। जहां पर पार्टी के पास उचित उम्मीदवार नहीं हैं।