चिराग पासवान के सांसद के कुत्ते की तलाश में जुटी बिहार पुलिस, दो दिन में किया बरामद, पप्पू यादव ने कसा तंज
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खगड़िया से सांसद राजेश वर्मा का विदेशी नस्ल का कुत्ता इन दिनों चर्चाओं में है। दरअसल, सांसद का यह साइबेरियन हस्की डॉग हाल ही में उनके भागलपुर स्थित खरमनचक आवास से लापता हो गया था। कुत्ते की देखभाल उनके छोटे भाई द्वारा की जाती है, और उसके गुम हो जाने से परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने कुत्ते की तलाश में हरसंभव प्रयास किए। खोजबीन के दौरान पता चला कि वह भटकते-भटकते भागलपुर के इशाकचक थाना क्षेत्र में पहुंच गया, जहां एक व्यक्ति ने उसे अपने घर में रखा। कुछ समय बाद वह कुत्ता दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया गया।
जब इस बात का खुलासा हुआ कि यह कुत्ता विदेशी नस्ल का है और उसकी कीमत काफी अधिक है, तो नए व्यक्ति ने उसके बदले 20 हजार रुपये की मांग कर दी। पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसकी जानकारी किसी ने पुलिस को दे दी।
मामले में सक्रियता दिखाते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाद शांत कराया और कुत्ते को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुत्ते की तस्वीर भी साझा की। यह फोटो वायरल होते ही सांसद के भाई ने पुलिस से संपर्क किया और फिर कुत्ते को घर वापस ले आए।
इस तरह, लापता कुत्ता दो दिनों के भीतर घर लौट आया।
इस पूरे घटनाक्रम पर पूर्णिया से सांसद और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने बिहार पुलिस पर व्यंग्य करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट डाली। उन्होंने लिखा, "NDA के खगड़िया सांसद के कुत्ते को खोज निकालने वाली बिहार पुलिस को पूरा देश नमन करता है। प्रधानमंत्री से निवेदन है कि बिहार पुलिस को भारत रत्न से सम्मानित करें। NDA राज को कायम रखने में भी पुलिस का अहम योगदान है, इसके लिए सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए।"
NDA के खगड़िया सांसद के कुत्ता को
— Pappu Yadav (@pappuyadavjapl) July 11, 2025
खोज निकालने के लिए बिहार पुलिस को
पूरा देश सलाम करता है।
मैं पूरी जिम्मेदारी से प्रधानमंत्री से आग्रह
करता हूं कि वह बिहार पुलिस को भारतरत्न से
सम्मानित करें!
बिहार में गुNDAराज कायम रखने के लिए भी
बिहार पुलिस को सर्वोच्च सम्मान दिया जाना…
गौरतलब है कि बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं पर अक्सर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठते रहते हैं। ऐसे में केवल एक सांसद के कुत्ते को दो दिन में ढूंढ निकालने वाली पुलिस की तत्परता पर पप्पू यादव ने तीखा तंज किया है।







