भाजपा के बेबुनियाद आरोप जनता को नहीं कर पाएंगे गुमराह: विनोद पांडेय

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा लगाए गए आरोपों को नकारते हुए उन्हें पूरी तरह असत्य और राजनीति से प्रेरित करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल झूठे और मनगढ़ंत आरोपों के सहारे प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन झारखंड की जनता अब इन चालों को अच्छी तरह पहचान चुकी है।
पांडेय ने कहा कि भाजपा शासन के दौरान खुद ही कई घोटाले सामने आए थे — चाहे वह कोयला घोटाला हो या सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में हुई गड़बड़ियां। ऐसे में भाजपा को नैतिक आधार पर किसी को भी कटघरे में खड़ा करने का हक नहीं है।
उन्होंने हाईकोर्ट से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर भाजपा की टिप्पणी को पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि इस तरह के आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है। न्यायपालिका की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं है और इस विषय पर जनता को गुमराह करना केवल राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश है।

"बाबूलाल मरांडी तथ्यों के बिना न करें टिप्पणी"
खेल विभाग में किट की खरीद को लेकर भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए पांडेय ने कहा कि सारी प्रक्रिया नियमों के मुताबिक और पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि यदि बाबूलाल जी के पास कोई ठोस सबूत हैं, तो उन्हें उपयुक्त मंच पर प्रस्तुत करना चाहिए, न कि मीडिया में बिना तथ्यों के बयान देना चाहिए।
भाजपा की रणनीति का जनता दे रही है करारा जवाब
झामुमो महासचिव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य केवल झूठे आरोप लगाकर विकास कार्यों में बाधा डालना है। उन्होंने कहा कि न तो भाजपा के पास कोई जनकल्याणकारी योजना है, और न ही वह जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर है। झारखंड की जनता अब उनके हर झूठ और साजिश का माकूल जवाब दे रही है।