Movie prime

आज थम जायेगा छठे चरण का चुनाव प्रचार, 8 राज्यों की 58 सीटों पर होगा मतदान

आगामी 25 मई को देश में छठे चरण (झारखंड का तीसरा चरण) मतदान होना है। वहीं दूसरी तरफ तमाम राजनीतिक दल मतदाताओं को रिझाने के लिये चुनावी जनसभा और रैलियों का सहारा ले रहे हैं। इसके साथ ही सभी दलों के स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक रहे हैं। हालांकि आज छठे चरण का चुनाव प्रचार थम जाएगा। आज शाम पांच बजे के बाद चुनावी प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम पूरी तरह से थम जाएगा। जिसके बाद प्रत्याशी डोर टू डोर कैंपेन कर सकते हैं। साथ ही पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगे। झारखंड में तीसरे चरण के मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटे है।
 
बताते चलें कि 25 मई को देश के 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 58 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। सभी जगहों पर मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। इस चरण के लिए चुनावी दंगल में कुल 889 प्रत्याशी मैदान में है जिसमें सबसे अधिक 223 हरियाणा में जबकि सबसे कम 20 प्रत्याशी जम्मू कश्मीर में अपना किस्मत अजमा रहे हैं। 8 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीटों में धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल खट्टर, मेनका गांधी, महबूबा मुफ्ती, नवीन जिंदल, मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव, बांसुरी स्वराज, राज बब्बर समेत कई उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर हैं। 
 
झारखंड में तीसरे चरण में चार सीटों (धनबाद, रांची, जमशेदपुर और गिरिडीह) पर मतदान होगा। जिसमें कुल 93 प्रत्याशी चुनाव दंगल में है जिसमें रांची लोकसभा सीट से 27 उम्मीदवार, गिरिडीह लोकसभा सीट से 16 उम्मीदवार, धनबाद से 25, जमशेदपुर से 25 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन सभी सीटों पर चुनाव प्रचार की आज शाम के पांच बजे के बाद पूरी तरह से थम जाएगा। इस तीसरे चरण में 2 सीट पर इंडिया गठबंधन की तरफ से JMM और 2 सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। जबकि एनडीए की ओर से 3 सीट पर BJP और 1 सीट पर आजसू के प्रत्याशी मैदान में हैं।