Movie prime

झारखंड समेत कई राज्यों के लोकसभा सीट को लेकर कांग्रेस आलाकमान की अहम बैठक, जल्द होगी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा

दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आज बिहार, यूपी और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के सीट को लेकर अहम बैठक हुई। इस बैठक में मुख्य रूप से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत पार्टी के कई अन्य नेता उपस्थित रहे। संभावना जताई जा रही है कि पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की  बैठक के बाद प्रत्याशियों के नाम की घोषणा जल्द ही की जा सकती है। कांग्रेस विधायक आलमगीर आलम ने दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले जानकारी देते हुए बताया कि, आज रांची, लोहरदगा, खूंटी और हजारीबाग लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होने की संभावना है। 

कांग्रेस नेता आलमगीर ने कहा, “हम दिल्ली में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं और आज शाम सीईसी की बैठक और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद अंतिम सूची जारी होने की संभावना है.” आलम ने बताया कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के घटकों में सीट बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला भी आज हो सकता है और इसके तहत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।

विदित हो कि, कांग्रेस सात सीट पर चुनाव लड़ेगी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पांच सीट पर प्रत्याशी खड़े करेगा जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भाकपा (एमएल) झारखंड की शेष दो सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि, भाजपा घबराई हुई है। वह अपने ही खेमे से उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिल पाने के कारण कांग्रेस और झामुमो के नाम पर चुनाव जीतने की उम्मीद कर रहे हैं। गौरतलब है कि राजेश ठाकुर कांग्रेस सांसद गीता कोरा और झामुमो विधायक सीता सोरेन की ओर इशारा कर रहे थे, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई हैं और उन्हें क्रमशः सिंहभूम और दुमका लोकसभा सीटों से टिकट दिया गया है।