'तेजस्वी का साथ दीजिए, राजद की सरकार बनवाइए', तेजस्वी ने कहा- माई बहिन मान योजना में 2500 हर माह देंगे

पटना के बापू सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आरजेडी का कार्यक्रम आयोजित है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रितू जायसवाल 'माई बहिन सम्मेलन' की अध्यक्षता कर रही हैं।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि आज यहां पर जितनी भी महिलाएं आई हैं, उन सबका मैं दिल से धन्यवाद देती हूं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देती हूं। लालू यादव ने गरीबों को आवाज देने का काम किया था। पिछड़े, अगड़े, दलित सभी को उठाने का काम किया है।
राजद, महिलाओं के लिए हमेशा काम करती रही है और आगे भी करेगी। आज महिला हर क्षेत्र में काम कर रही है। आने वाले चुनाव में तेजस्वी की सरकार बनाने का काम करिए। सभी महिला तेजस्वी के साथ कदम से कदम मिलाकर साथ देने का कम करें। सरकार क्या कर रही है? न तो रोजगार मिल रहा और न ही नौकरी, गरीबों को मारा जा रहा है।

आगे कहा कि जितनी महंगाई है, एक आदमी की कमाई से बच्चे को नहीं पढ़ा पाएंगे। गरीबी कम नहीं हो रही है इसलिए मैं आप सब से अनुरोध करती हूं कि तेजस्वी की सरकार बनाएं। लालू जी बीमार रहते हैं आप सब देखे हैं कि उनका तीन-चार ऑपरेशन हुआ है।
नीतीश कुमार कहते हैं कि 2005 के बाद महिलाएं कपड़ा पहनती हैं, सुंदर दिखती हैं तो क्या 2005 के पहले महिलाएं कपड़ा नहीं पहनती थीं? गरीब बच्चे की कहीं भी बहाली नहीं होती है। सरकारी स्कूल में पढ़ाई नहीं होती है। बिना पढ़े लिखे टीचर बहाल हो रहे हैं। जब टीचर ही पढ़ा लिखा नहीं होगा तो बच्चों को क्या पढ़ाएगा।
आगे कहा कि सभी लोग राजद को वोट देते हैं, लेकिन सारा वोट कहां चला जाता है। ये लोग वोट में गड़बड़ी करते हैं। झूठे केस में फंसा देते हैं। बार-बार नोटिस भेजते हैं। एक ही बात को हजार बार पूछा जाता है। हम लोगों को बहुत परेशान किया जाता है। न हम लोग चोरी करते हैं न चोरी किए हैं। हम लोग गरीबों के साथ हमेशा रहेंगे और गरीबों को कभी झुकने नहीं देंगे।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हर महिला बिहार की बेटी है, बहन है, मां हैं। आप हैं तो बिहार है। खुद को आप सब की सेवा में मैं समर्पित करता हूं। पृथ्वी को तीन चीज चलाती है, जिसमें परमात्मा, प्रकृति और मां शामिल हैं। नारी को नारायणी कहा जाता है। जीवन में आप सभी का कर्ज उतार सकते हैं, लेकिन सात जन्मों में भी आप मां का कर्ज नहीं उतार सकते।