Movie prime

चतरा के इटखोरी से लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे रक्षा मंत्री, इस दिन आएंगे झारखंड

आगामी 15 मार्च को केंद्रीय रक्षा मंत्री और भाजपा का वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह झारखंड में चतरा जिले के इटखोरी आएंगे। इस बाबत जिला भाजपा कमेटी द्वारा रक्षा मंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां ज़ोरों पर हैं। भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता ने जानकारी देते हुए बताया कि, 15 मार्च को दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच राजनाथ सिंह का आगमन मां भद्रकाली मंदिर परिसर में होगा। मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने के पश्चात भाजपा के वरिष्ठ नेता मंदिर परिसर के समीप भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

बताते चलें कि, कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष कालीचरण सिंह, स्थानीय सांसद सुनील कुमार सिंह, राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू, स्थानीय विधायक किशुन कुमार दास भी शामिल होंगे। जिला अध्यक्ष ने बताया कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सभी बूथों से कार्यकर्ताओं का जुटान होगा।

बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में 20 हजार को बुलाने का लक्ष्य
उन्होंने बताया कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में 20 हजार कार्यकर्ताओं को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। हर बूथ से कम से कम दस कार्यकर्ताओं को लाने की योजना तैयार की गई है। राजनीतिक हल्कों में भाजपा के बूथ स्तरीय इस कार्यकर्ता सम्मेलन को लोकसभा चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है। अन्य क्षेत्रों की तरह चतरा लोकसभा क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव की घोषणा से पूर्व ही चुनाव के रंग में रंग देना चाहती है।