Movie prime

महागठबंधन में उम्मीदवारों के नाम को लेकर संशय बरकरार, जानें क्या है वजह

आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। इसके साथ ही राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन ने अपने सहयोगी दल के साथ 14 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। वहीं दूसरी तरफ झारखंड में सीट शेयरिंग को लेकर महागठबंधन में अभी भी संशय बरकरार है। कांग्रेस और राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी झामुमो, अब तक अपने प्रत्याशियों के नाम तय नहीं कर पायी है। इसके अलावा सीट शेयरिंग फार्मूला तय किये जाने के बाद भी राजद का दो सीटों पर दावा ठोंकने के बाद से महागठबंधन में परेशानी बढ़ चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड में महागठबंधन की दो अहम पार्टियां, झामुमो और कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम की चर्चा हेतु अपने-अपने स्तर पर बैठक करेंगे, जिसके बाद उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जायेगी। 

कल जेएमएम करेगी बैठक
जानकारी के मुताबिक, उम्मीदवारों के नाम को लेकर कल जेएमएम विधायक दल की बैठक कर रही है। यह बैठक सीएम आवास में होगी। जेएमएम सूत्र बता रहे हैं कि कल की बैठक के बाद जेएमएम अपनी ओर से प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर सकता है। कल होने वाली बैठक में कल्पना सोरेन भी रहेंगी। इसके अतिरिक्त पार्टी के सभी विधायक और सांसद मौजूद रहेंगे। बैठक में विधायकों के लिए टास्क भी तय किए जाएंगे। यह टास्क दरअसल चुनाव जीतने की स्ट्रेटजी होगी।

छह को कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक
सात-पांच-एक-एक के तय फॉर्मूले के मुताबिक, कांग्रेस ने केवल तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। खूंटी से कालीचरण मुंडा, लोहरदगा से सुखदेव भगत और हजारीबाग से जेपी पटेल हैं। अन्य चार सीटों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम तय नहीं हो पा रही है। ऐसे में कांग्रेस के भीतर खेमे में चल रही उलझनों को दूर करने के लिए छह अप्रैल को कांग्रेस कार्यसमिति एक बार फिर बैठक करेगी। यह बैठक दिल्ली में होगी। इसके बाद उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा सकते हैं।

क्या है वजह 

दरअसल, कांग्रेस के लिए गोड्‌डा, रांची, चतरा और धनबाद सीट फजीहत बनी हुई है। इसकी वजह यह है कि गोड्‌डा सीट को लेकर पार्टी के कई नेता दावेदारी कर रहे हैं। यहां से विधायक प्रदीप यादव, दीपिका पांडेय सिंह और फुरकान अंसारी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस कोटा में आयी चतरा सीट में राजद की दावेदारी है। इस वजह से भी चीज स्पष्ट नहीं हो पा रही है। साथ ही रांची में राम टहल चौधरी के पार्टी में शामिल होने के बाद से कांग्रेस यह तय नहीं कर पा रही है कि राम टहल चौधरी को टिकट दिया जाए या सुबोधकांत सहाय को। वहीं धनबाद सीट के लिए ददई दुबे दबाव बना रहे हैं। ऐसे में चार सीटों में इन्हीं वजह से कांग्रेस नाम नहीं तय कर पा रही है।

वहीं, जेएमएम की बात करें तो यह कांग्रेस के उम्मीदवार उतारे जाने का इंतजार कर रही है। हालांकि इस खेमे में भी नाम तय हो गया है, ऐसा नहीं है। जिच यहां भी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल होने वाली बैठक में विधायकों से प्रत्याशियों के नाम पर राय ली जाएगी, जो "खांटी जेएमएम के उन्हें टिकट देने में रखें प्राथमिकता" हेमंत सोरेन के जेल से आए इस संदेश के बाद पार्टी को मंथन करना पड़ रहा है।