Movie prime

गांडेय उपचुनाव : भाजपा से दिलीप कुमार वर्मा होंगे प्रत्याशी, JMM से कल्पना हो सकती हैं प्रबल दावेदार

भारतीय जनता पार्टी ने गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए दिलीप कुमार वर्मा को बतौर उम्मीदवार उतारा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि, झारखंड मुक्ति मोर्चा इस सीट से कल्पना सोरेन को उम्मीदवार बना सकती है। कल्पना ने हाल ही में गांडेय विधानसभा दौरा भी किया था और दो दिनों तक क्षेत्र में लोगों से मुलाक़ात की थी। वहीं दूसरी तरफ भाजपा प्रत्याशी दिलीप कुमार वर्मा ने भी विधानसभा उपचुनाव को लेकर कैंपेन तेज़ कर दिया था। 

गौरतलब है कि, पिछले विधानसभा चुनाव में दिलीप कुमार वर्मा गांडेय से चुनाव लड़े थे। उस वक्त बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोरचा ने इन्हें टिकट दिया था। चुनाव परिणाम आने के बाद वो छठे नंबर पर रहे थे। इन्हें 8,952 वोट मिले थे। वहीं, जय प्रकाश वर्मा पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे थे। उस वक्त उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन 16 नवंबर 2022 को उन्होंने भाजपा का साथ छोड़कर JMM का दामन थाम लिया। 2005 में गांडेय विधानसभा से भाजपा के विधायक थे।

रणनीति के तहत छोड़ी गई थी गांडेय सीट
रणनीति के तहत इस सीट से इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायक और मौजूदा राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने कहा कि गांडेय में आदिवासी और मुस्लिम वोट झामुमो के साथ एकजुट है। इस एकजुटता में दरार डालने की ताकत भाजपा में नहीं है। बाबूलाल मरांडी में यदि हिम्मत है तो वह गांडेय विधानसभा क्षेत्र के किसी आदिवासी गांव में भाजपा की बैठक करके दिखा दें। हेमंत सोरेन के साथ भाजपा ने जो किया है, उसका जवाब गांडेय की जनता चुनाव में देगी।

2014 में गांडेय विधानसभा चुनाव का परिणाम

प्रो. जयप्रकाश वर्मा (भाजपा ) : 48,838 
सालखन सोरेन (झामुमो ) : 38,559 
सरफराज अहमद (कांग्रेस ) : 35,727 
राजेश यादव (भाकपा माले) : 18,497

2019 में गांडेय विधानसभा चुनाव का परिणाम

सरफराज अहमद (कांग्रेस) : 65,023
प्रो. जयप्रकाश वर्मा (भाजपा) : 56,168
अर्जुन बैठा (आजसू) : 15,361