लालू यादव ने पूर्व मंत्री श्रीनारायण यादव को दी श्रद्धांजलि, अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर लाया गया पार्टी कार्यालय

आरजेडी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्व मंत्री श्रीनारायण यादव को श्रद्धांजलि दी। मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था। बुधवार को अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को पार्टी कार्यालय लाया गया था।
लालू और राबड़ी शासनकाल में नगर विकास मंत्री थे। बेगूसराय के बलिया और साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र से 9 बार विधायक रहे हैं। पिछले 1 महीने से बीमार चल रहे थे। पटना के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
श्रीनारायण यादव के पुत्र और साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी विधायक सत्तानंद संबुद्ध उर्फ ललन यादव ने कहा कि पिताजी की कमी हमेशा खलेगी। भरपाई करना मुश्किल है। दुख की इस घड़ी में साथ देने के लिए सभी का शुक्रिया।

निधन के बाद तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा था, ‘बिहार सरकार के पूर्व मंत्री, 9 बार के विधायक वरिष्ठ राजद नेता श्रीनारायण यादव जी के निधन पर संवेदना व्यक्त करता हूं। वे एक कर्मठ, कुशल, प्रतिबद्ध, सामाजिक न्याय व समाजवाद के मूल्यों पर अडिग उत्कृष्ट राजनेता थे। दुख की इस घड़ी में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनके समर्थकों, शुभचिंतकों व परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।
साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। विनम्रता तथा दयाभाव के साथ वे हमेशा समाज की सेवा करते रहे। उनके अच्छे कार्यों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।’