Movie prime

जमीन लूट,रंगदारी और दबंगई पहचान है अंबा प्रसाद और उनके परिवार का : आदित्य साहू

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू ने आज बड़कागांव विधायक अम्बा प्रसाद के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। आदित्य साहू ने आज प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर अम्बा प्रसाद सहित राज्य के सत्ताधारी गठबंधन पर हमला बोला। आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी ,पोषक एवम संरक्षक भी है। कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चाहे सोनिया गांधी जी हों या राहुल गांधी सभी आज जमानत पर हैं। सबके खिलाफ भ्रष्टाचार ,घोटालों के गंभीर आरोप हैं।

आदित्य साहू कहा कि राज्य में भी कांग्रेस पार्टी का यही हाल है। चाहे झारखंड आंदोलन को खरीदने का हो या हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनाकर राज्य के जल,जंगल,जमीन,खान खनिज,नौकरी ,सब को लूटने ओर लुटवाने का। सभी में कांग्रेस पार्टी का साथ है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज राज्य में खनिज, बालू, जमीन की लूट ईडी की कारवाई में उजागर हुआ है। आज राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जेल में हैं। कांग्रेस पार्टी और झामुमो ,राजद इनके भ्रष्टाचार के समर्थन में खड़े है। क्योंकि ये सभी आपस में भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

उन्होंने कहा कि आज जब कांग्रेस के विधायक अम्बा प्रसाद के यहां ईडी की छापेमारी हुई तो बचाव में अंबा प्रसाद अनर्गल बयानबाजी कर रही हैं। सोते जागते राज्य के सत्ताधारी दलों को भाजपा का भय सता रहा है। और होना स्वाभाविक है क्योंकि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि ना खायेंगे ,ना खाने देंगे।

साथ ही उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई तेज हुई है तो भ्रष्टाचारी बिलबिला रहे हैं। अंबा प्रसाद के घर कल ईडी की छापेमारी हुई तो  उनको भाजपा ही याद आने लगी।उन्हे अपना और अपने परिवार का रिकॉर्ड याद करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कैसे बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र पिछले 15वर्षों से आतंक ,जमीन लूट,भ्रष्टाचार का पर्याय बना हुआ है। उन्होंने प्रदेश कार्यालय में प्रोजेक्टर पर एक वीडियो में दिखाया कि कैसे पलानी, पतरातु के कयूम अंसारी और निजाम अंसारी की जमीन लूटी गई।

आगे उन्होंने कहा कि दबंगई का आलम यह है कि पुलिस प्रशासन भी  इनके सामने नतमस्तक हैं। पुलिस जब अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त करती है तो इनके समर्थक थाना से ट्रैक्टर को जबरदस्ती छुड़ा ले जाते हैं। पूरा क्षेत्र और झारखंड जानता है कि इनके माता,पिता से लेकर अंबा प्रसाद तक कैसे क्षेत्र में आतंक के पर्याय बने हुए हैं। एनटीपीसी,कोयला बालू ,जमीन की लूट ही इनकी पहचान है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां तक भाजपा को इनसे लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाने के लिए संपर्क की बात है तो इस बात को अम्बा प्रसाद प्रमाणित करें कि कब किसने इस संबंध में बात की। ये तो स्वयं पिछले दिनों यशवंत सिन्हा से मिल कर चुनाव की चर्चा कर रही थी। जिसकी तस्वीर मीडिया में छपी थी।

अंत में उन्होंने कहा कि जहां तक आरएसएस का सवाल है तो उन्हें जानना चाहिए कि आरएसएस एक  राष्ट्रवादी सांस्कृतिक संगठन है। अंबा ईडी की कार्रवाई पर पर्दा डालने केलिए अनर्गल बयानबाजी कर रही हैं। आज की प्रेसवार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह एवम प्रवक्ता रमाकांत महतो,अविनेश कुमार सिंह उपस्थित थे।