Movie prime

लोकसभा चुनाव 2024 : 9-5 के फॉर्मूले पर राजी कांग्रेस-जेएमएम

 
कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक के दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस बैठक में दोनों प्रमुख पार्टियों ने 9:5 के फॉर्मूले पर सहमति जताई है।

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र झारखंड में सियासी हलचल तेज़ हो गयी है। दरअसल, राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी, JMM और कांग्रेस के बीच झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में चुनाव लड़ने को लेकर पहली बैठक हुई है। कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक के दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस बैठक में दोनों प्रमुख पार्टियों ने 9:5 के फॉर्मूले पर सहमति जताई है। इस बार भी कांग्रेस के खाते में 9 सीटें और JMM के पास 5 सीटें हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछली लोकसभा चुनाव में, दोनों पार्टियों जिन-जिन सीटों पर चुनाव लड़ा था, उन पर दोनों का दावा कायम रहेगा। साथ ही, सीटों की अदला बदली पर भी विचार किया गया। बताते चलें कि, सीटों की अदला-बदली को लेकर अंतिम निर्णय के लिए दोनों पार्टियों एक बार फिर बैठक करेंगी।

नई पार्टियों को भी जोड़ने पर विचार
राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के अतिरिक्त गठबंधन में नई पार्टियों के जोड़ने पर भी विचार किया गया। इस बैठक में तय हुआ कि गठबंधन में नए सहयोगियों को शामिल करने के लिए कांग्रेस और जेएमएम अपने-अपने कोटे से उन्हें सीट देंगे। जैसा कि राजद पिछली बार भी गठबंधन में था ऐसे में उसे भी लोकसभा की एक सीट मिले, ऐसा तय माना जा रहा है। बैठक में दोनों दलों ने कुछ नई सीटों पर भी दावा किया। इसके पीछे पार्टियों ने उन सीटों पर अपनी मजबूत स्थिति को आधार बनाया है।

एक सप्ताह में सबकुछ होगा स्पष्ट-जेएमएम

बैठक के बाद झामुमो में महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि अभी प्रारंभिक बातचीत हुई है। जो पूरी तरह सफल रही है। अब कांग्रेस पड़ोसी राज्यों के गठबंधन के नेताओं के साथ बातचीत करेगी। अगले एक सप्ताह में सब कुछ सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार साल 2019 के लोकसभा चुनाव से अलग गठबंधन होगा।

साल 2019 में कांग्रेस को मिली सीटें

गोड्‌डा, कोडरमा, चाईबासा, लोहरदगा, रांची, खूंटी, हजारीबाग, चतरा और धनबाद। इसमें से गोड्‌डा और कोडरमा सीट कांग्रेस ने जेवीएम को दी थी। सात सीटों में चुनाव लड़ने के बाद कांग्रेस के हिस्से केवल चाईबासा सीट आयी थी। यहां से गीता कोड़ा सांसद हैं।