Movie prime

महागठबंधन का महाजुटान, 27 दलों के नेता पहुंचे रामलीला मैदान

आगामी लोकसभा चुनाव से पूर्व महागठबंधन के 27 दलों द्वारा आज दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन किया गया है। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद रहे। इसके अलावा शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। उनके साथ CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी, NCP-SCP प्रमुख शरद पवार, AAP नेता आतिशी, PDP चीफ महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी पहुंची हैं।

रैली को सबसे पहले उद्धव ठाकरे ने संबोधित किया। उद्धव ने कहा- कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल चिंता मत करो, सिर्फ हम ही नहीं पूरा देश आपके साथ है। कुछ दिन पहले आशंका थी कि क्या हमारा देश तानाशाही की ओर चल रहा है? अब ये सच्चाई है। भाजपा को मैं चुनौती देता हूं कि आप अपने बैनर पर लगा दो कि भाजपा के साथ जो पार्टी है वो ED, CBI और IT है।

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? आपके केजरीवाल को ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। आपके केजरीवाल शेर हैं। करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं।

सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का जेल से भेजा गया मैसेज भी पढ़ा। उन्होंने केजरीवाल की 6 गारंटियां पढ़ीं। पहला- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। दूसरा- पूरे देश के गरीबों की बिजली फ्री। तीसरी- हर गांव और हर मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल। चौथा- हर गांव और मोहल्ले में मोहल्ला क्लीनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलटी सरकारी अस्पताल। पांचवीं- किसानों को स्वामीनाथन आयोग के मुताबिक सही फसलों पर MSP निर्धारित कर दाम दिलाएंगे। छठी- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे।