Movie prime

नायब सिंह सैनी होंगे हरियाणा का नए मुख्यमंत्री, शाम 5 बजे लेंगे शपथ

कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए मुख्यमंत्री होंगे। आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद हुए विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए नायब सिंह सैनी के नाम पर सहमति बनी। शाम 5 बजे कुरुक्षेत्र सांसद मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायब सैनी ने  विधायक दल का नेता चुने जाने पर प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार प्रकट किया है। 

गौरतलब है की सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं और 27 अक्टूबर 2023 को ही उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले मनोहर लाल ने BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार सुबह 11.50 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद विधायक दल की बैठक बुलाई गई। JJP ने भी दिल्ली में अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। यह बैठक पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के आवास पर चल रही है। हालांकि पार्टी के 10 में से 5 विधायक इस बैठक में नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये सभी BJP के संपर्क में हैं।
 
लोकसभा में सीट शेयरिंग को लेकर टूटा गठबंधन
JJP लोकसभा चुनाव में हरियाणा में 1 से 2 सीटें मांग रही थी जबकि BJP का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन सभी 10 सीटों पर खुद लड़ने के पक्ष में है। यही गठबंधन टूटने की वजह बनी। JJP के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सोमवार को दिल्ली में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिले थे लेकिन सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी। दुष्यंत ने दिल्ली में अमित शाह से दोबारा मिलने का समय मांगा है। हालांकि ये मुलाकात होगी या नहीं, ये पक्का नहीं है।

गठबंधन टूटा, पर भाजपा के पास बहुमत
हरियाणा में जजपा से गठबंधन टूटा लेकिन बहुमत भाजपा के ही पास है। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें से भाजपा के पास खुद के 41 MLA हैं। 6 निर्दलीय और एक हलोपा विधायक का भी उसे समर्थन हासिल है यानी भाजपा के पास 48 विधायक हैं। बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए।