राजेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंपी संविधान की प्रति, 'संविधान बचाओ' अभियान पर हुई चर्चा
Jul 18, 2025, 21:03 IST
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी नेता गुरु जी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बताया कि गुरु जी की तबीयत पहले से काफी बेहतर है।
बातचीत के क्रम में राजेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री को संविधान की एक प्रति भेंट की और उन्हें ‘हमारा अभिमान, भारत का संविधान’ अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज जब देश में संविधान को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं, ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि लोकतंत्र की इस नींव को और मजबूत करें।
उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि यह अभियान झारखंड के हर कोने तक पहुंचेगा, खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को संविधान में मिले अधिकारों और शक्तियों की जानकारी देने के लिए। इस मुहिम के तहत सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से संविधान की प्रतियां वितरित की जाएंगी, ताकि जनमानस अपने अधिकारों को पहचान सके और जागरूक हो।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे भी इस बात को लेकर संकल्पित हैं कि झारखंड के हर व्यक्ति को संविधान में निहित अधिकारों का पूरा लाभ दिलाया जाए। उन्होंने यह भी दोहराया कि संविधान से वंचित किसी भी व्यक्ति को उसका हक दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।







