NEET पेपर लीक के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया पर इनाम घोषित, पता बताने वाले को मिलेगा 3 लाख

चर्चित नीट पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को ढूंढ पाने में पुलिस अब तक नाकाम रही है। अब बिहार पुलिस मुख्यालय ने परीक्षा पेपर लीक के सरगना संजीव कुमार सिंह उर्फ संजीव मुखिया सहित तीन लोगों पर इनाम घोषित किया है। ईओयू की अनुशंसा पर संजीव मुखिया को गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मी या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले नागरिक या पुलिसकर्मी को तीन लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। इनके साथ ही नालंदा जिले के सोहसराय के शुभम कुमार के विरुद्ध एक लाख रुपये और अरवल के राजकिशोर कुमार के विरुद्ध एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
संजीव मुखिया का नाम सिर्फ बिहार में नहीं बल्कि पूरे देश में चर्चित हो गया है। NEET पेपर लीक मामले में जांच टीम को संजीव मुखिया की काफी वक्त से तलाश है लेकिन वो कहां छिपा है यह किसी को नहीं मालूम। हालांकि, संजीव मुखिया को लेकर कभी यह कहा जाता है कि वो नेपाल में है तो कभी उसके भारत में होने की बात सामने आती है। लेकिन उसका सही-सही लोकेशन ट्रेस कर पाना अब तक टेढ़ी खीर बना हुआ है।

जांच टीम नीट पेपर लीक मामले के सरगना कहे जाने वाले संजीव मुखिया के कई ठिकानों पर तलाशी कर चुकी है। हालांकि, संजीव मुखिया तो अब तक नहीं मिला है लेकिन यह जरुर पता चला है कि संजीव मुखिया ने अकूत संपत्ति जमा की है। संजीव मुखिया के बारे में कहा जाता है कि वो नालंदा जिले के एक कॉलेज में कार्यरत था। ईओयू यानी आर्थिक अपराध शाखा संजीव मुखिया को शिद्दत से तलाश रही है।