महाशिवरात्रि पर रोहतास के मंदिर में भगदड़, टला बड़ा हादसा

बिहार के रोहतास जिले में महाशिवरात्रि के मौके पर शिव मंदिर में भगदड़ मच गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पहाड़ पर स्थित गौड़ेला शिव मंदिर में बुधवार को महाशिवरात्रि पर उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई। मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिरने लगे। इस दौरान एक महिला बेहोश हो गई। कुछ अन्य महिलाओं को भी चोटें आई हैं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। कुछ ही देर में भगदड़ पर काबू पा लिया गया। हालांकि, मंदिर परिसर में भगदड़ के चलते अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
भगदड़ की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और हालात को काबू में कर लिया गया। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि गोड़ैला शिव मंदिर जाने वाले रास्ते में भारी भीड़ जमा हो गई। मुख्य द्वार पर जाते ही जल्दी दर्शन करने को लेकर गेट के पास भगदड़ मच गई। गेट टूटने की स्थिति आ गई और लोग एक-दूसरे पर गिरते गए।

स्थिति को देख जवानों ने भीड़ में घुसकर लोगों को संभाला। कलावती देवी, पिंकी कुमारी, सरिता देवी आदि को चोटें आई हैं। मंदिर प्रबंधन समिति ने घायलों का तत्काल उपचार कराया। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई। घायल लोगों को लेकर परिजन निकल गए। एसडीएम सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बढ़ती भीड़ के कारण मुख्य द्वार पर धक्का-मुक्की होने से एक महिला मूर्छित हुई थी। स्थिति पूरी तरह से सामान्य किया गया है। वरीय प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मामले की मॉनिटर कर रहे हैं।