Movie prime

प्रदेश कांग्रेस के विधायक-मंत्री और सांसद दिल्ली तलब, संगठन और सरकार की समीक्षा के लिए कांग्रेस हाईकमान सक्रिय

कांग्रेस पार्टी ने झारखंड में संगठन और सरकार की गतिविधियों की गहराई से समीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड के कांग्रेस विधायक, मंत्री और सांसदों को 14 जुलाई को दिल्ली बुलाया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता रहने वाली है, जबकि कई वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल हो सकते हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी इस दौरान झारखंड में पार्टी की वर्तमान स्थिति, सरकार द्वारा किए गए कार्यों और चुनावी वादों की प्रगति का मूल्यांकन करेंगे। वे यह जानना चाहेंगे कि लोकसभा व विधानसभा चुनावों में जनता से किए गए वादों को किस हद तक पूरा किया गया है और संगठन किस दिशा में काम कर रहा है।

हाल ही में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने भी राज्य के मंत्रियों से नौ अहम बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के आवास पर कांग्रेस मंत्रियों की एक बैठक भी आयोजित की गई थी। इन नौ बिंदुओं में रिम्स के विकास, वित्तीय नियमावली का क्रियान्वयन, निकाय चुनावों में आरक्षण और अन्य चुनावी वादे शामिल थे।

प्रभारी के राजू का लगातार राज्य का दौरा, संगठनात्मक गतिविधियों की श्रृंखला और पार्टी ढांचे के विस्तार पर जोर इस ओर संकेत कर रहा है कि झारखंड फिलहाल कांग्रेस हाईकमान की प्राथमिकता में है। पार्टी राज्य में संगठन को मजबूती देने और हर संभावित अवसर का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह सतर्क है।