Movie prime

चुनाव संकल्प पत्र समिति जन सुझावों के आधार पर संकल्प पत्र तैयार कर पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी : रामवीर सिंह बिधूड़ी

The election manifesto committee will prepare the manifesto based on public suggestions and submit it to the party leadership: Ramveer Singh Bidhuri

दिल्ली भाजपा की संकल्प पत्र समिति के संयोजक एवं सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आगामी फरवरी 2025 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र न केवल विस्तृत होगा बल्कि जनता की आकांक्षाओं का भी सटीक प्रतिनिधित्व करेगा। दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने संचालन किया। इस मौके पर समिति के सदस्य अभिषेक टंडन, शुभेंदु अवस्थी और यासिर जिलानी भी उपस्थित थे।

जनता के बीच सीधा संवाद
बिधूड़ी ने बताया कि भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं और युवा नेताओं को मिलाकर एक संकल्प पत्र समिति का गठन किया है, जिसकी अब तक छह बैठकें हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य संकल्प पत्र को जन आकांक्षाओं के अनुरूप बनाना है। इसके लिए समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद किया गया है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि पार्टी ने ईमेल आईडी meridelhimerasankalpbjp@gmail.com और व्हाट्सएप नंबर 9958702025 जारी किया था। इन माध्यमों से भाजपा को अब तक 40 हजार से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा, सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल संकल्प पत्र वैन भी भेजी गईं, जिनके माध्यम से 60,754 सुझाव प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ 40 से अधिक बैठकों के दौरान 3,567 लिखित सुझाव मिले। संगठन से जुड़े 24 विभागों के साथ भी चर्चा की गई। कुल मिलाकर भाजपा को अब तक 1,04,322 सुझाव प्राप्त हुए हैं, जो जनभागीदारी का बड़ा प्रमाण है।

मुख्य मुद्दे और जन असंतोष
बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल सरकार की घोषणाओं को छलावा करार दिया है। उन्होंने बताया कि महिलाएं फ्री बस सेवा से असंतुष्ट हैं क्योंकि सड़कों पर पर्याप्त बसें नहीं हैं और वे आज भी छोटे वाहनों पर निर्भर हैं।

सुझावों के आधार पर सीवर, पानी, बिजली बिलों की लूट, प्रदूषण, शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल पर जनता की असंतुष्टि सामने आई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब यह कह रही है, "अब नहीं सहेंगे, बदलकर रहेंगे।"

व्यापक जन अभियान
बिधूड़ी ने बताया कि भाजपा 21-22 दिसंबर को सभी प्रमुख बाजारों में संकल्प पत्र वैन के माध्यम से जनता से सुझाव एकत्रित करेगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में वरिष्ठ नेता मीनाक्षी लेखी, डॉ. हर्षवर्धन, सतीश उपाध्याय, विजय गोयल, प्रवेश साहिब सिंह, अजय महावर, नीतू डबास और अन्य पार्टी पदाधिकारियों का अनुभव उपयोगी साबित होगा।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र 2025 "सरकार बदलो, दिल्ली बदलो" के संकल्प के साथ जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।