Movie prime

ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको नीतीश ने ठगा नहीं : सुप्रियो भट्टाचार्य

अगर नीतीश को बिहार की जनता के प्रति चिंता होती तो ऐसा विश्वासघात नहीं करते। बिहार की जनता राजनीतिक तौर पर मजबूत है, सब समझती है।

बिहार में सियासी भूचाल आ गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाजपा में शामिल होने की खबरें तूल पकड़ रही हैं। बिहार में चल रहे सियासी घमासान को लेकर, अब झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी के केंद्रीय महासचिव, सुप्रियो भट्टाचार्य ने भी अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि, सबको पता है कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको उन्होंने ठगा नहीं है। अगर नीतीश को बिहार की जनता के प्रति चिंता होती तो ऐसा विश्वासघात नहीं करते। बिहार की जनता राजनीतिक तौर पर मजबूत है, सब समझती है। बिहार की जनता नीतीश के इरादों को भी समझती है। नीतीश की पार्टी 2025 में जीरो पर आ जाएगी और 2024 में ही इसका पत्ता साफ हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि, नीतीश कुमार किसी के नहीं है। वो केवल कुर्सी के हैं और उनकी इन्हीं हरकतों के कारण उन्हें इंडिया गठबंधन का संयोजक नहीं बनाया गया।

झारखंड में जेडीयू की उपस्थिति जीरो

सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा, झारखंड में नीतीश की उपस्थिति बिल्कुल नहीं है। नीतीश ने इंडिया गठबंधन को जोड़ा है, लेकिन लोगों को उनके चरित्र को देख कर शक था कि वह फिर कुछ और कर सकते हैं। सभी को डर था कि वह इंडिया गठबंधन को नष्ट ना कर दें। इसे लेकर इंडिया गठबंधन के सभी नेता सतर्क थे और यही वजह था कि उन्हें इंडिया गठबंधन के संयोजन की जिम्मेदारी नहीं मिली।

लोकसभा की सीटों का बंटवारा, ऐलान चुनाव की तारीख के बाद

झारखंड में सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव में कोई बड़ा-छोटा नहीं होता। युद्ध के मैदान में हर सिपाही का महत्व है। सभी लड़ाई की पूरी तैयारी के साथ पहुंचते हैं। कमांडेंट और सिपाही दोनों का युद्ध के मैदान में महत्व है। कांग्रेस और राजद एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सीट बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन गई है। बस इसका आधिकारिक ऐलान होना है। चुनाव की तारीख के बाद इसकी घोषणा हो जाएगी।

ईडी के 10वें समन का दिया जाएगा जवाब

ईडी के 10वें समन और सीएम से पूछताछ के संबंध में उन्होंने कहा कि ईडी क्या जानना चाहती है यह समझ नहीं आता। 20 को ही पूछताछ हुई थी। 5-6 दिन में क्या हो गया। आपकी तैयारी ही नहीं तो सरकार को क्यों परेशान कर रहे हैं। सीएम ने पहले ही कहा है कि अभी उनकी व्यस्तता है। ईडी की चिट्ठी पर हमारी लीगल टीम काम कर रही है। उन्हें उचित जवाब मिल जाएगा। ईडी को बताया गया कि अभी जेएमएम का स्थापना दिवस है, फिर विधानसभा का बजट सत्र है। ईडी की चिट्ठी का जवाब दिया जाएगा।