Movie prime

बिहार यात्रा के तीसरे दिन RJD पर बरसे उपेंद्र कुशवाहा, बोले- मैं कोई कद्दू का बतिया नहीं...

 

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा अपनी बिहार यात्रा के तीसरे सासाराम पहुंचे. यहाँ वे पायलट बाबा आश्रम में आयोजित सदस्यता महापर्व सह सम्मान समारोह में शामिल हुए। जहाँ उपेंद्र कुशवाहा का स्वागत  चांदी का मुकुट देकर किया गया। यहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने रालोमो की सदस्यता ग्रहण की। इससे पूर्व औरंगाबाद रोहतास सीमा से लेकर विभिन्न जगहों पर उपेन्द्र कुशवाहा का स्वागत किया गया। सदस्यता महापर्व में रालोमो के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों को पार्टी की शपथ दिलाई। रालोमो पार्टी की पूरी शपथ मूल रूप से संविधान में  पूर्ण निष्ठा, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता तथा लोकतंत्र के सिद्धांतों पर आधारित है। साथ ही भारत की एकता, सम्प्रभुता और अखंडता बनाए रखने, भ्रष्टाचार का विरोध करने की शपथ दिलाई गई। पार्टी के क्रियाशील सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। 

सभा को संबोधित करते हुए उपेंद्र  कुशवाहा ने सबसे पहले पायलट बाबा के चरणों मे श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पायलट बाबा आश्रम प्रबंधन समिति का उनके सम्मान कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस साल हुए लोकसभा चुनाव में राजद ने मुझको राजनीति रूप से समाप्त करने की साजिश रची थी लेकिन सफल नहीं हो सके। जनता के स्नेह ने मुझे सांसद तो बना दिया लेकिन राजद की इस साजिश ने शाहाबाद, और मगध क्षेत्र का बड़ा नुकसान कर दिया। उन्होंने राजद को ललकारते हुए कहा कि मैं कोई कद्दू का बतिया नहीं है जो उंगली दिखाने से गल जाय।

आम लोगों से उपेंद्र कुशवाहा ने अपील की कि व्यक्ति का मूल्यांकन जाति के आधार पर नहीं उसकी योग्यता के आधार पर करना चाहिए वरना इसका समाज को नुकसान होता है। उपेंद्र कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पूरे बिहार की 243 सीटों पर पार्टी को अपनी तैयारी रखनी है। ताकि NDA के सभी प्रत्याशियों की मदद की जा सके। बिहार के विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए इस बार का विधानसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। हमें मिलकर फिर से NDA की सरकार बनानी है। RJD वाले 2020 के विधानसभा चुनाव में शाहाबाद क्षेत्र में मिली सफलता से भ्रमित न हों। उस समय NDA के कुछ दलों के अलग चुनाव लड़ने के कारण RJD को कुछ ज्यादा सीट मिल गई थी। लेकिन अब पहले वाली परिस्थिति नहीं है। RJD को अंदाज़ा नहीं है कि इस बार उनकी हालत 2010 के चुनाव से भी खराब होने वाली है।

इस अवसर पर सासाराम विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता व ज़िला अध्यक्ष कपिल कुमार  ने सभी का स्वागत किया और मंच संचालन भी किया। इस सभा को वरिष्ठ नेता आलोक सिंह, जितेन्द्रनाथ पटेल, ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर रालोमो के प्रदेश इकाई के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, रोहतास ज़िला इकाई के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। इसके बाद उपेन्द्र कुशवाहा ने बिहार यात्रा के अगले पड़ाव भोजपुर के लिए रवाना हुए।

News Hub