प्राइमरी बच्चों के लिए राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने वाला पहला राज्य बना झारखंड, मैदान में उतरे 576 नन्हें खिलाड़ी
झारखंड ने खेल क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए आज एक नया अध्याय जोड़ा है। यह देश का पहला राज्य बन गया है जहां कक्षा 3 से 5 तक के छात्रों के लिए राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इस विशेष प्रतियोगिता में राज्य भर से चयनित कुल 576 बाल खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस आयोजन की शुरुआत रांची स्थित बीआईटी मेसरा में हुई, जिसका उद्घाटन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने किया। उद्घाटन समारोह में झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक शशि रंजन, बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना, आयोजन सचिव धीरसेन सोरेंग तथा झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा।
खेल में बच्चों का भविष्य संवारें – रामदास सोरेन
मंत्री रामदास सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतियोगिता सरकार की नई खेल नीति का हिस्सा है, जिसके तहत प्रत्येक जिले में खेल प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने अभिभावकों की भी सराहना की, जो अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड की मिट्टी में प्रतिभा कूट-कूट कर भरी है, यहां के बच्चे जन्मजात खिलाड़ी होते हैं।
शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने बताया कि लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन मंत्री के मार्गदर्शन में हो रहा है। इस पहल का मकसद है बच्चों को प्रारंभिक उम्र से ही खेल की भावना से जोड़ना। उन्होंने बताया कि अब तक इस आयु वर्ग के बच्चों के लिए ऐसी कोई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता नहीं होती थी, लेकिन झारखंड ने यह करके एक अनोखी मिसाल कायम की है।
बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना ने कहा कि अंडर-12 फुटबॉल प्रतियोगिता झारखंड में पहली बार आयोजित हो रही है, जो एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने बताया कि बीआईटी मेसरा खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, और इस संस्थान से राज्य के मुख्यमंत्री भी जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में खेल भावना का बीजारोपण उन्हें भविष्य में ओलंपिक स्तर तक पहुंचा सकता है।
बालक वर्ग में हुआ रोमांचक मुकाबला
- ग्रुप A: पाकुड़ ने गोड्डा को 3-0 से हराया, गिरिडीह ने जामताड़ा को 9-1 से मात दी। खूंटी और सिमडेगा को बाय मिला
- ग्रुप B: लातेहार ने धनबाद को 4-0 से पराजित किया। पश्चिम सिंहभूम ने पूर्वी सिंहभूम को 2-0 से हराया। बोकारो और गुमला को बाय मिला
- ग्रुप C: दुमका ने गढ़वा को 2-0, जबकि पलामू ने कोडरमा को 5-0 से हराया। रांची और चतरा को बाय मिला
- ग्रुप D: साहिबगंज ने सरायकेला को 3-0 से हराया, और रामगढ़ ने लोहरदगा को 6-0 से पराजित किया। देवघर और हजारीबाग को बाय मिला
बालिका वर्ग में भी दिखा दमखम
- ग्रुप A: रांची ने गढ़वा को 4-0 से मात दी। गुमला ने बोकारो को 2-1 से हराया। पलामू और पाकुड़ को बाय मिला
- ग्रुप B: साहिबगंज ने दुमका को 4-0 से हराया, जबकि रामगढ़ ने चतरा को 1-0 से मात दी। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम को बाय मिला
- ग्रुप C: लातेहार ने जामताड़ा को 5-0 से हराया। कोडरमा, सिमडेगा और गिरिडीह को बाय मिला
- ग्रुप D: खूंटी ने गोड्डा को 7-0 से पराजित किया। सरायकेला, हजारीबाग, धनबाद और लोहरदगा को बाय मिला







