मेजर ध्यानचंद खेलरत्न पुरस्कार से नवाज़े जायेंगे मनु भाकर, डी गुकेश, हरमनप्रीत और प्रवीण कुमार, इस दिन किया जायेगा सम्मानित
इस साल मेजर ध्यानचंद खेलरत्न पुरस्कार के लिए देश के चार शानदार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें निशानेबाज मनु भाकर, शतरंज विश्व चैम्पियन डी गुकेश, पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार शामिल हैं।
मनु भाकर की ऐतिहासिक उपलब्धि
22 वर्षीय मनु भाकर स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने एक ही ओलंपिक में दो पदक जीते। पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।
हरमनप्रीत सिंह का नेतृत्व
हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीता। उनका नेतृत्व भारतीय हॉकी के सुनहरे अध्याय को और मजबूत कर रहा है।
शतरंज के नए वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश
18 वर्षीय डी गुकेश ने विश्व शतरंज में नया इतिहास रचते हुए सबसे युवा विश्व चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। वह भारतीय टीम के ऐतिहासिक स्वर्ण पदक विजेता शतरंज ओलंपियाड का अहम हिस्सा भी रहे।
पैरा एथलीट प्रवीण का स्वर्णिम सफर
पैरा हाई जंपर प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालंपिक में टी-64 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। यह वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है, जिनके एक या दोनों पैर घुटने से नीचे नहीं होते और जो कृत्रिम पैरों का सहारा लेते हैं।
खेल मंत्रालय ने घोषणा की है कि इन विजेताओं को 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति भवन में एक विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।